03 मार्च, 2023 – आनंदपुर साहिब, रूपनगर: लीबिया में फंसे आठ नौजवान वतन वापस लौट आए हैं। जिनमें से चार नौजवान रूपनगर जिले से ताल्लुक रखते हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष अजयवीर सिंह लालपुरा ने बताया कि लीबिया में फंसे नौजवानों का जत्था भारत सरकार के प्रयासों से वापस लौट आया है।
भारत सरकार के संपर्क में थे नौजवान
उन्होंने बताया कि इस जत्थे में आनंदपुर साहिब से संबंधित मनिंदर सिंह, सतनाम सिंह, सतवीर सिंह, गुरदीप सिंह, फिरोजपुर का सुभाष कुमार, गढ़शंकर का मनप्रीत सिंह और हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के जैमलदीप सिंह और बिलासपुर का शेरूद्दीन वापस लौट आए हैं।
पंजाब और बिहार से थे युवक
उन्होंने बताया कि इन नौजवानों की वतन वापसी के लिए वह पहले दिन से ही भारत सरकार के संपर्क में थे और इससे पहले आनंदपुर साहिब तहसील के अधीन गांव लंगमजारी के लखविंदर सिंह, जिला कपूरथला के गांव नूरपुर राजपूतों के गुरप्रीत सिंह, जिला मोगा के गांव फतेहगढ़ करोताणा का नौजवान जोगिंदर सिंह और बिहार से संबंधित सनोज कुमार भी भारत वापस लौटे थे।
वीडियो कालिंग के माध्यम से नौजवानों से संपर्क कायम किया था
जिनको घर पहुंचाने का सारा खर्च लालपुरा की संस्था पहले इंसानियत द्वारा किया गया था। जब अजयवीर सिंह लालपुरा को इन नौजवानों के फंसे होने संबंधी पता लगा था तो उस समय लालपुरा द्वारा वीडियो कालिंग के माध्यम से नौजवानों से संपर्क कायम किया था और भारत सरकार के ध्यान में लाया था। जिनके प्रयासों से यह नौजवान अपने घरों में सुरक्षित लौट आए हैं।
नौजवान ने भारत सरकार का किया धन्यवाद
अजयवीर सिंह लालपुरा ने कहा कि वह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर, विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा, राज्य प्रधान अश्वनी शर्मा और लीबिया में नियुक्त भारतीय विदेश मंत्रालय के सीनियर अधिकारी परमजीत सिंह का धन्यवाद करते हैं। जिनके प्रयासों से यह नौजवान वापस लौट सके हैं
सौजन्य : दैनिक जागरण
test