ईरान में भारतीय दूतावास ने एक बार फिर से नई एडवाइजरी जारी करते हुए भारतीय नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने के लिए कहा है। इसके अलावा भारत से ईरान की यात्रा करने से भी बचने के लिए कहा गया है। पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच यह फैसला लिया गया है।
09 जून, 2026 – नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक बार फिर से एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें भारतीय नागरिकों से ईरान की यात्रा से बचने का आग्रह किया गया है और वहां पहले से मौजूद लोगों को उपलब्ध परिवहन विकल्पों का उपयोग करके तुरंत देश छोड़ने को कहा गया है।
भारतीय दूतावास ने एक्स पर दी जानकारी
ईरान में कार्यरत भारतीय दूतावास ने अपने एक्स पर एडवाइजरी जारी करते हुए लिखा “क्षेत्र में हुए हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए, दूतावास सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की अपनी पूर्व सलाह को दोहराता है ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को उपलब्ध परिवहन साधनों द्वारा देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।”
पश्चिम एशिया में लगातार तनाव बढ़ रहा
भारतीय दूतावास की नई एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब ईरान और इजराइल के बीच हालिया झड़पों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। भारत स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहा है और उसने क्षेत्र में रहने वाले अपने नागरिकों से बार-बार सावधानी बरतने और यात्रा एवं सुरक्षा संबंधी अपडेट के लिए दूतावास के संपर्क में रहने का आग्रह किया है।
भारतीय दूतावास ने अलर्ट क्यों जारी किया है?
सोमवार, 8 जून की सुबह, ईरान ने इजराइल पर मिसाइलों की तीसरी खेप दागी, जिसमें देश के दो सैन्य ठिकानों – नेवातिम और तेल नोफ हवाई अड्डों को निशाना बनाया गया। पारामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड ने इस हमले को ऑपरेशन नस्र, यानी “विजय” का हिस्सा बताया। गार्ड ने कहा कि उसने ईरान के तीन क्षेत्रों में इजरायल द्वारा रडार स्थलों को निशाना बनाए जाने के बाद मिसाइलें दागीं।
नवभारत टाइम्स