किसके सिर सजेगा ताज, 14 नवंबर को फैसला
2022 में चुनाव जीते आम आदमी पार्टी के विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन से यह सीट खाली हुई थी। इस उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। 14 नवंबर को मतगणना होगी।
12 नवम्बर, 2025 – चंडीगढ़ : तरनतारन विधानसभा उपचुनाव छिटपुट विवादों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इस दौरान 60.95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। उपचुनाव में किसके सिर जीत का ताज सजेगा इसका फैसला 14 नवंबर को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल ने बताया मतदान की पूरी प्रक्रिया अत्यंत शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हुई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र तरनतारन के सभी 222 मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मचारियों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए थे और मतदाताओं ने बड़े उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। इस बार प्रत्येक मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं के मोबाइल फोन जमा करने के लिए विशेष केंद्र बनाए गए थे। इसके अलावा, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। इस दौरान सामान्य पर्यवेक्षक पुष्पा सत्यानी, पुलिस पर्यवेक्षक शाइनी एस और व्यय पर्यवेक्षक मंजरुल हसन भी सक्रिय रहे।
उन्होंने कहा कि मतदान कर्मचारियों और अन्य चुनाव कर्मियों ने पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। उधर चुनाव के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारियों और कर्मचारियों भी मुस्तैद रहे। विभिन्न बूथों पर अकाली दल के समर्थकों ने बूथ कैप्चरिंग के भी आरोप लगाए। उनका कहना था कि जानबूझकर पंजाब पुलिस के जवान उनके बूथों पर खड़े हैं, जिस वजह से मतदाता उन तक नहीं पहुंच पाए। यह एक तरह से दबाव बनाने की कोशिश थी। इस तरह का छिटपुट विवाद और भी केंद्रों पर देखने को मिला।
मैदान में 15 उम्मीदवार, मतगणना 14 को
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, पिद्दी, तरनतारन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करा दी गई हैं और 14 नवंबर को यहीं मतगणना होगी। बताते चलें कि इस उपचुनाव में 15 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव के दौरान पंजाब पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 12 कंपनियां तैनात की गई थीं। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी तथा सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर 46 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए थे।
अमर उजाला
Tarn Taran : वोटिंग खत्म, 60.95 प्रतिशत मतदान, अकाली दल ने पुलिस पर लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप
Tarn Taran By Election : तरनतारन विधानसभा सीट विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में 1,92,838 मतदाता 15 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक चलेगी जिसके लिए 222 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान जारी है।
05:46 PM, 11-Nov-2025
तरनतारन उपचुनाव के लिए शाम पांच बजे तक 59.28% मतदान हुआ था। वहीं शाम छह बजे तक कुल 60.95 प्रतिशत मतदान हुआ है।
03:26 PM, 11-Nov-2025
दोपहर तीन बजे तक 47.48% मतदान
उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक 47.48% मतदान हो चुका है।
01:35 PM, 11-Nov-2025
दोपहर डेढ़ बजे तक 37% मतदान
उपचुनाव में दोपहर डेढ़ बजे तक 37% मतदान हुआ।
11:30 AM, 11-Nov-2025
सुबह 11 बजे तक 23.05% मतदान
उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 23.05% मतदान हुआ है।
11:27 AM, 11-Nov-2025
अकाली दल ने पंजाब सरकार पर लगाया धक्केशाही का आरोप
तरनतारन उपचुनाव के दाैरान अकाली दल ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर धक्के शाही का आरोप लगाया।
10:10 AM, 11-Nov-2025
आप उम्मीदवार ने डाला वोट
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने मतदान किया।
09:41 AM, 11-Nov-2025
सुबह साढ़े नौ बजे तक 12 प्रतिशत मतदान
सुबह साढ़े नौ बजे तक 12 प्रतिशत मतदान हुआ है।
08:24 AM, 11-Nov-2025
Tarntaran By Election : इनके बीच मुख्य मुकाबला
तरनतारन सीट पर प्रमुख मुकाबला शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर, भारतीय जनता पार्टी से हरजीत सिंह संधू, आम आदमी पार्टी से हरमीत सिंह संधू और कांग्रेस के करणबीर सिंह के बीच है। इसके अलावा वारिस पंजाब दे के प्रत्याशी मंदीप सिंह भी चुनाव में बड़ा उलटफेर कर सकते हैं। तरनतारन सीट पर पंथक वोट भी अहम भूमिका निभाने वाला है।
08:12 AM, 11-Nov-2025
Amritsar Tarntaran byElection: कांग्रेस उम्मीदवार ने डाला वोट
कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज ने मतदान किया।
08:08 AM, 11-Nov-2025
Tarntaran By Poll Voting : आठ ट्रांसजेंडर मतदाता
जिला चुनाव अधिकारी राहुल ने बताया कि इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग पिद्दी में ईवीएम स्ट्रांग रूम स्थापित किया गया है और 14 नवंबर को यहीं मतगणना होगी। तरनतारन सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 1,92,838 है। इनमें 1,00,933 पुरुष मतदाता, 91,897 महिला मतदाता और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं।