बारिश और तेज हवाओं ने तबाह की फसलें
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। गेहूं और सरसों की फसलें भीग गईं और कई जगह फसलें जमीन पर बिछ गईं। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से पंजाब के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
14 अप्रैल, 2025 – लुधियाना : Punjab Weather: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार को भी पंजाब के कई जिलों में तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली और उसके बाद हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
कई जगहों पर हुई तेज वर्षा
कई जगहों पर तेज वर्षा भी हुई। तेज हवाओं से पककर तैयार खड़ी गेहूं व सरसों की फसलें भीग गई। वहीं, जिन जगहों पर हवा की रफ्तार अधिक थी, वहां फसल जमीन पर बिछ गई। जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गिरी हुई फसल की कंबाइन से कटाई न होने के चलते मजदूर लगवाकर हाथ से कटवानी होगी। जिससे किसानों का खर्च बढ़ जाएगा।
कहां किनती वर्षा हुई?
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार चंडीगढ़ में 10 मिलीमीटर वर्षा, अमृतसर में 4.4 मिलीमीटर वर्षा, फरीदकोट में 1.9 मिलीमीटर वर्षा, रोपड़ में 9.0 मिलीमीटर वर्षा, मोहाली में 2.5 मिलीमीटर, पटियाला में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
वहीं, लुधियाना में शाम साढ़े छह बजे से मौसम बदल गया। तेज हवाएं चलने लगी। आसमान में बादल छा गए। हालांकि, शाम पांच बजे तक तेज धूप थी। वर्षा व हवाओं की वजह से राज्य के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 31 से 33 डिग्री सेलिसयस के बीच दर्ज किया गया।
16 अप्रैल से पंजाब के कई जिलों में लू चलने की संभावना
जबकि रात का तापमान भी सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से धूप खिलेगी। हालांकि, बीच बीच में बादल भी देखने को मिलेंगे। सोमवार से मौसम के तेवर गर्म होंगे और 16 अप्रैल से पंजाब के कई जिलों में लू चलने की संभावना है।
सौजन्य : दैनिक जागरण
test