21 फरवरी, 2026 – अमृतसर के गुरु नानकपुरा में नशे के ओवरडोज से 26 वर्षीय युवक आकाश सैनी की मौत। पुलिस हेड कॉंस्टेबल पिता ने सरकार पर नशा बेचने वालों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच शुरू की।
अमृतसर के थाना कोट खालसा के अधीन आने वाले गुरु नानकपुरा इलाके में नशे के ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। उसके पिता पंजाब पुलिस में हेड कॉंस्टेबल हैं। उन्होंने बेटे का शव का सडक़ पर रखकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार नशा करने वालों को पकड़ रही है, लेकिन नशा बेचने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। घर में नशा बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अपने बच्चे बचाने हैं तो पंजाब छोड़ दो। भले ही यूपी या बिहार में जाकर रहने लगो। इस पर पुलिस का कहना है कि परिजन के आरोपों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मेरे बेटे की मौत नशे से हुई
मृतक आकाश सैनी (26) के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उनका बेटा फुटबॉल खिलाड़ी था और बीएससी की पढ़ाई पूरी कर चुका था। उन्होंने बताया- मेरे बेटे की मौत नशे के कारण हुई है। मैं कई बार अपने बेटे को नशा छुड़ाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया।
बीती रात नशा मुक्ति केंद्र से लाया, सुबह नशा करने निकला
उन्होंने बताया- गुरुवार रात को मैं उसे सेंटर से घर लेकर आया था, लेकिन शुक्रवार सुबह वह सुरजीत कौर के बेटे के साथ चला गया। वहां दोनों ने इंजेक्शन लगाया और उसके बाद मेरे बेटे की मौत हो गई। सुरजीत कौर का बेटा मेरे बेटे को वहीं छोडक़र भाग गया।
नशे के ओवरडोज ने जान ली
अशोक कुमार बताते हैं-शुक्रवार शाम को किसी ने सूचना दी कि पास वाले ग्राउंड में आकाश पड़ा है। जब हम वहां पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। उसने इंजेक्शन लगाया था। पहले भी वह इस तरह इंजेक्शन लगा चुका था, लेकिन इस बार ओवरडोज हुआ है। घर-घर में नशा बिक रहा: उन्होंने कहा- अमृतसर के गुरुनानक पुरा, कोट खालसा इलाके में नशा आम बिक रहा है। घर-घर में नशा बिक रहा है। अगर आप अपने बच्चों को बचाना चाहते हैं तो या तो यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यहां का सीएम बनाओ।
बच्चों को बचाना है तो पंजाब छोड़ दो
उन्होंने सरकार के दावों को झूठा बताते हुए कहा- कि कहा जा रहा है कि पंजाब में नशा खत्म हो गया है, वह गलत है। अगर बच्चों को बचाना है तो पंजाब छोड़ दो। सरकार नशा पीने वालों को तो पकड़ लेती है, लेकिन बेचने वालों को नही पकड़ती। उसी से यह पनप रहा है।
पुलिस जांच शुरू
वहीं, थाना इस्लामाबाद के पुलिस अधिकारी हरसंदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जालंधर के युवक का वीडियो भी चर्चा का विषय बना
वहीं, जालंधर में भी एक युवक का वीडियो सामने आया है जो अपने गुप्तांग में नशे का इंजेक्शन लगाकर झूम रहा है। ऐसे में लोग नशे पर बड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पांचजन्य