मध्य पूर्व युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति ठप, पाकिस्तान में स्कूल-कॉलेज 31 मार्च तक बंद, बांग्लादेश में पेट्रोल कतारें, भारत में गैस सिलेंडर और होटल बंद होने की नौबत
12 मार्च, 2026 – मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट बंद होने का असर दुनिया पर दिखने लगा है। तेल आपूर्ति बंद होने से ईंधन संकट गहरा गया है। LPG और कच्चे तेल की सप्लाई बाधित होने से कई देशों में हालात मुश्किल हो गए हैं। पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों में तो स्थिति काफी खराब दिख रही है। पाकिस्तान में तो स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मंत्रियों के भत्ते काटे गए हैं। भारत में भी ईंधन संकट के आसार दिखने लगे हैं। यहां गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ने लगा है।
पाकिस्तान
पहले से ही कंगाल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को 31 मार्च तक बंद कर दिया है। सरकारी दफ्तरों में वर्क-फ्रॉम-होम शुरू हो गया है। मंत्रियों के भत्तों में कटौती की गई है। मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने घोषणा की कि 10 से 31 मार्च तक सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, लेकिन परीक्षाएं समय पर होंगी और क्लासेस ऑनलाइन चलेंगी। प्रांतीय मंत्रियों को मिलने वाला सरकारी ईंधन बंद कर दिया गया है।
सरकारी अफसरों की गाड़ियों के लिए पेट्रोल-डीजल भत्ता 50% कम कर दिया गया है। मंत्रियों और सीनियर अफसरों के साथ चलने वाले प्रोटोकॉल वाहनों पर रोक लगा दी गई है—अब सिर्फ एक वाहन की इजाजत है। सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। निजी क्षेत्र से भी अपील की गई है कि वर्क-फ्रॉम-होम अपनाएं, अनावश्यक कार्यक्रम टालें और सिर्फ जरूरी कर्मचारियों को ऑफिस बुलाएं।
बांग्लादेश
कतर से LNG की सप्लाई रुकने से ईंधन का संकट बढ़ गया है। पेट्रोल पंपों पर लोग घंटों कतार में लगे हैं। ईंधन की बिक्री पर कुछ पाबंदियां लगा दी गई हैं। बिजली और ईंधन बचाने के लिए यूनिवर्सिटी बंद कर दी गई हैं और ईद की छुट्टियां पहले से घोषित कर दी गई हैं।
अन्य देश
चीन के पास 1.3 अरब बैरल का तेल स्टॉक है, जो कम से कम एक साल चल सकता है। संकट के बाद चीन ने घरेलू सप्लाई बचाने के लिए डीजल और पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर रोक लगा दी है। दक्षिण कोरिया में 30 साल बाद ईंधन कीमतों पर कैप (अधिकतम मूल्य) लगा दिया गया है, ताकि कालाबाजारी न हो।
जापान के पास भी करीब एक साल का बड़ा तेल भंडार है और सरकार ने राष्ट्रीय स्टॉक से कच्चा तेल निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। श्रीलंका में लोग घबराहट में पंपों पर लंबी लाइन लगा रहे हैं, सरकार ने सलाह दी है कि ऐसी खरीदारी न करें।
म्यांमार के सीमावर्ती शहर मयावाडी में 3 मार्च से ईंधन खत्म हो गया, पंप बंद पड़ गए। लोग थाईलैंड जाकर तेल ला रहे हैं। वहां वाहनों के लिए ऑड-ईवन लगा दिया गया है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों को छूट है।
भारत में हालात
बेंगलुरु में होटल-रेस्टोरेंट मंगलवार से बंद होने की नौबत आ गई है। बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने कहा कि गैस सिलेंडरों की सप्लाई रुकने से ऐसा होना पड़ रहा है। तेल कंपनियों ने पहले कहा था कि 70 दिन तक कोई दिक्कत नहीं आएगी, लेकिन अचानक सप्लाई बंद होना बड़ा झटका है। गोरखपुर और वाराणसी में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है। एजेंसियों को घरेलू सिलेंडर के कोटा में 20-25% कटौती का निर्देश मिला है। इंडेन के अधिकारी ने बताया कि मुख्यालय के आदेश पर कमर्शियल गैस डिलीवरी रोकी गई है।
मुंबई में घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी में 8 दिन तक का बैकलॉग हो गया है। सोमवार को बुकिंग के लिए लोगों में अफरा-तफरी मची। नेशनल रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ने कहा कि देशभर में रेस्टोरेंट चलाने में दिक्कत आ सकती है। पुणे में नगर निगम के 18 LPG आधारित शवदाह गृह (श्मशान) अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। आयुक्त ने बताया कि गैस सप्लाई की समस्या के कारण ऐसा किया गया है। बिजली वाले और अन्य शवदाह गृह चालू हैं।
पांचजन्य