20 सेकेंड में 13 गोलियां मारी…, खौफनाक VIDEO आया सामने
चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में दिनदहाड़े प्रापर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चीनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से लौटते समय हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर 13 राउंड फायरिंग की।
19 मार्च, 2026 – चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में बुधवार दिनदहाड़े हमलावरों ने एक नामी प्रापर्टी डीलर पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुल्लांपुर निवासी चमनप्रीत सिंह उर्फ चीनी कुबाहेरी (31) के रूप में हुई है।
चमनप्रीत सिंह सेक्टर-9 स्थित बॉडी जोन जिम में वर्कआउट करने के बाद दोपहर करीब 12.15 बजे अपनी काले रंग की टोयोटा फार्च्यूनर गाड़ी से घर लौट रहे थे। गाड़ी वह खुद चला रहे थे। जिम से थोड़ी दूर ही रेड लाइट के चलते गाड़ी रुकी हुई थी। इसी दौरान एक हमलावर लाल टी-शर्ट और हेलमेट पहने हुए पैदल ही उनकी गाड़ी के पास पहुंचा और बेहद नजदीक से उस पर फायरिंग कर दी।
हमलावर ने कुल 13 राउंड फायर किए। इस दौरान चमनप्रीत ने गाड़ी भगाने की कोशिश भी की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। उनके सीने और पेट में कई गोलियां लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान जिम में मौजूद उनका दोस्त भी वहां पहुंचा। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत पीजीआइ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है, जिसमें हमलावर ने पहले ड्राइवर के साथ वाली सीट पर और फिर ड्राइविंग सीट पर अंधाधुंध फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कुछ दूरी पर पहले से ही बाइक स्टार्ट कर उसका इंतजार कर रहे अपने साथी के साथ फरार हो गए। दोनों किसान भवन चौक से होते हुए मोहाली के लांडरां की तरफ भागे। ऐसे में पंजाब पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है और सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए चंडीगढ़ और मोहाली में छापेमारी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लक्की पटियाल ने ली है। उसने इस बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा- यह (चमनप्रीत सिंह) उनके गैंग के खिलाफ मुखबिरी करता था और विरोधी गैंग को जानकारी देता था। साथ ही वह एक हत्या मामले में शामिल था।
कुछ दिन पहले गैंगस्टर प्रिंस चौहान ने मांगी थी रंगदारी
जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले चमनप्रीत सिंह से बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर प्रिंस चौहान ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उसने धमकी दी थी कि पैसे न देने पर उसे जान से मार दिया जाएगा। वह पहले भी कई बार धमकी दे चुका था। इस बारे में चमनप्रीत ने मोहाली पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। इसके साथ ही उसने हथियार लाइसेंस के लिए भी अप्लाई कर रखा था।
13 खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-3, 11 और 17 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, आपरेशन सेल और डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल (डीसीसी) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से 13 खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। एसपी सिटी केएम प्रियंका भी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
चल रहा था प्रापर्टी विवाद
जांच में यह बात भी सामने आई है कि चमनप्रीत का मलोया इलाके में किसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। ऐसे में हत्या के पीछे प्रापर्टी रंजिश की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस रंगदारी और प्रापर्टी विवाद को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दैनिक जागरण