8 वर्षीय मासूम को बुरी तरह नोचा; इलाज के दौरान मौत
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय सूरज को बुरी तरह नोच डाला। खेत में शौच के लिए गए बच्चे पर कुत्तों ने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूरज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिससे परिवार में मातम छा गया है।
28 फरवरी, 2026 – कपूरथला : आवारा कुत्तों का आतंक थम नहीं रहा है। सुल्तानपुर लोधी के गांव गिल्ला गाखला में आवारा कुत्तों ने झुंड ने आठ वर्षीय बच्चे सूरज को बुरी तरह नोच डाला। गंभीर हालत में उसे जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मनोज ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला है। यहां गांव गिल्ला गाखला में रहता है। शुक्रवार को खेत में आलू की खोदाई कर रहा था। दोपहर में पत्नी पूनम के साथ बेटा सूरज खाना देने आया था।
सूरज करीब 100 गज दूर दूसरे खेत में ट्यूबवेल के पास शौच करने चला गया। वहां आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। पहले उसने समझा कि कुत्ते आपस में लड़ रहे हैं। वह भगाने के लिए गया तो देखा कि पांच-छह कुत्ते बेटे को बुरी तरह नोच रहे थे।
किसी तरह बेटे को छुड़ाया। सिर के बाल उड़ गए थे और मांस दिखाई दे रहा था। शरीर का ऐसा कोई अंग नहीं था जहां कुत्तों ने नोचा नहीं था। उसे पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जालंधर रेफर कर दिया। डॉ. नमिता घई ने बताया कि बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई और मौत हो गई। बच्चे के मामा संजय ने बताया कि पूनम का पहले दो बार गर्भपात हुआ था। सूरज एकमात्र संतान थी।
दैनिक जागरण
पंजाब में पांच आवारा कुत्तों ने आठ वर्षीय मासूम को नोचा; खेत में शौच के लिए गया, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जालंधर : पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र के गांव गिला गाखला में आवारा कुत्तों के हमले ने एक मासूम की जान ले ली। आठ वर्षीय इतवारी की जालंधर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।