कन्वर्जन और फंडिग पर कार्रवाई की मांग
जालंधर में पंजाब बचाओ मोर्चा ने पास्टर अंकुर नरूला पर विदेशी फंडिंग के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ईडी जांच की मांग की।
04 दिसम्बर, 2025 – जालंधर में पंजाब बचाओ मोर्चा ने पास्टर अंकुर नरूला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा का आरोप है कि पास्टर अंकुर नरूला को फंडिंग विदेश से आती है, जिसका वह गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। पंजाब बचाओं मोर्चा संगठन ने ईडी को एक मांग पत्र देकर इस फंडिंग की जांच करवाने की मांग की है।
इससे पहले पंजाब बचाओं मोर्चा की ओर से एक पैदल मार्च निकाला गया। इसके बाद ईडी दफ्तर के बाहर निहंग सिंहों, पंजाब बचाओ मोर्चा व समाजसेवी भाना सिद्धू ने पास्टर अंकुर नरूला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पास्टर नरूला का पुतला फूंककर नारेबाजी भी की।
ईडी को ज्ञापन सौंप फंडिंग की जांच मांगी
इसके बाद उन्होंने ईडी अधिकारियों को मांगपत्र भी सौंपा। इस दौरान पंजाब बचाओ मोर्चा के प्रमुख तेजस्वी व भाना सिद्धू ने कहा कि पास्टर अंकुर नरूला को विदेशों से गलत तरीके से फंडिंग आ रही है। अंकुर नरूला इस फंडिंग का इस्तेमाल धार्मिक सेवा व लोगों की भलाई की बजाय अपनी जिंदगी संवारने में कर रहे हैं। इस फंडिंग का इस्तेमाल वह प्रॉपर्टी खरीदने व लग्जरी वाहन खरीदने पर कर रहे हैं, जिसकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। अंकुर नरूला को यह पैसा किस काम के लिए आ रहा है, कहा खर्च किया जा रहा है, ईडी को इसकी पूरी जांच करनी चाहिए।
चमत्कारी ईलाज को दी गई चुनौती
भाना सिद्धू ने कहा कि अंकुर नरूला व उनके समर्थक पंजाब के भोले-भाले लोगों को इलाज व चमत्कार के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। दो दिन पहले मैंने अपने गांव में कैंसर जांच कैंप लगाया था, जहां बड़ी संख्या में कैंसर के मरीज मिले। अगर पास्टर नरूला इलाज करने की क्षमता रखते हैं तो मैं मरीज वहां लेकर जाऊंगा। उन्हें ठीक करके दिखाएं, नहीं तो यह ड्रामा बंद होना चाहिए।
शहीदी सप्ताह में नहीं निकलने देंगे शोभा यात्रा
उन्होंने चेतावनी दी 20 तारीख के बाद शहीदी सप्ताह शुरू हो रहा है। अगर हमारे इलाके में ऐसे लोगों द्वारा डीजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
पंचजन्य