20 दिसंबर से बारिश का अलर्ट; दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी
18 दिसम्बर, 2025 – पटियाला (पंजाब) : मौसम विभाग ने 20 और 21 दिसंबर को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की चेतावनी दी है, जिससे पारा गिरने की संभावना है। इससे पहले, पंजाब में वीरवार और शुक्रवार को घने कोहरे के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब घने कोहरे की चपेट में है। बुधवार को कोहरे के कारण अमृतसर में दृश्यता शून्य रही जबकि फरीदकोट में 20 मीटर, बठिंडा में 40 मीटर, लुधियाना में 200 मीटर और पटियाला में 300 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन पंजाब में अत्यधिक घना कोहरा रहने का अनुमान है और इस दौरान ठंड में वृद्धि होगी।
बुधवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 27.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की वृद्धि हुई, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ऊपर था। होशियारपुर में न्यूनतम पारा 6.7 डिग्री, जबकि अमृतसर में यह 7.0 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ-साथ कोहरे का असर भी बना रहेगा।
खराब मौसम के कारण श्रीनगर की उड़ान रद्द, 8 उड़ानें लेट
अमृतसर श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को खराब मौसम के कारण उड़ानों की आवाजाही प्रभावित रही। कतर एयरवेज की दोहा के लिए जाने वाली उड़ान 10:20 बजे रवाना हुई। यह सुबह 4:10 बजे निर्धारित थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह के लिए उड़ान भी 6:20 बजे की बजाय 10:30 बजे निकली। इसी प्रकार स्पाइसजेट की दुबई उड़ान 12:30 बजे रवाना हुई। यह सुबह 8:50 बजे जानी थी। आने वाली उड़ानों में भी देरी रही। स्पाइसजेट की दुबई उड़ान सुबह 7:50 की बजाय 11:11 बजे पहुंची। इंडिगो की दिल्ली उड़ान सुबह 6:05 की बजाय 10:52 बजे आई जबकि एयर इंडिया की मुंबई और दिल्ली उड़ानें भी देरी से आईं। इसके अलावा श्रीनगर के लिए एक इंडिगो उड़ान रद्द कर दी गई।
अमर उजाला