पटियाला के घनौर स्थित रूड़का गांव में एक युवक ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर अपने घर को आग लगा दी। 25 वर्षीय दविंदर सिंह, जो पांच साल से नशे का आदी है, ने परिवार से मारपीट भी की।
25 मार्च, 2026 – पटियाला : थाना घनौर इलाके में आते गांव रूड़का में एक युवक ने नशे के लिए पैसे देने पर परिवार वालों से मारपीट की। मारपीट के बाद भी पैसे नहीं मिले तो युवक ने तैश में आकर घर को आग लगा दी। आग लगने की वजह से घर के कुछ हिस्सा जल गया तो युवक घर से फरार हो गया।
परिवार ने पुलिस को सूचित भी किया लेकिन दो दिन से पुलिस ने इस मामले में कोई एक्शन नहीं लिया। अपने ही घर को आग लगाने वाले युवक दविंदर सिंह उम्र 25 साल के पिता गुरमेल सिंह निवासी गांव रूड़का ने कहा कि पुलिस को लगातार कार्यवाही की मांग कर रहे हैं लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की।
पांच साल से नशा कर रहा है बेटा
गुरमेल सिंह ने कहा कि उनका 25 साल का बेटा अविवाहित है। पांच साल पहले इसे नशा करने की आदत पड़ गई थी। अब तो गांव के आसपास जहां पर भी नशा मिलता है, वहां की हर जगह की इसे जानकारी है। लगातार कोशिश के बाद भी इसकी नशे की लत नहीं छुड़ा सके और यह लगातार घर की चीजें बेच रहा था।
यही नहीं नशे के लिए पैसे न मिलने पर दविंदर सिंह ने अपने माता पिता से मारपीट शुरू कर दी थी। कई बार समझाने के बाद भी हालात नहीं सुधरे और पांच सालों से परिवार परेशान चल रहा है। दो दिन पहले रात के समय नशे के लिए पैसे न देने पर दविंदर सिंह ने पहले अपने पिता से झगड़ा किया, जिसके बाद उसने घर के सामान को आग लगा दी।
खुद को बचाने के लिए परिवार के सदस्य अब रिश्तेदारों के घरों में छिपे हैं और पुलिस कार्यवाही के बाद ही घर लौटने की बात कह रहे हैं।
दैनिक जागरण