‘ऐसा जवाब देंगे कि याद रखोगे‘
24 फरवरी, 2026 – काबुल : अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि इन हमलों का सही समय पर माकूल जवाब दिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि हमारी सीमाएं और लोगों की सुरक्षा हमारा पवित्र राष्ट्रीय कर्तव्य है।
Pakistan Afghanistan Tension: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमाई तनाव एक बार फिर गहरा गया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमला किया, जिसमें कई लोग मारे गए हैं। इसके जवाब में काबुल ने कड़ी चेतावनी दी है। अफगान सरकार ने कहा कि इस हमले का सही समय पर माकूल जवाब दिया जाएगा।
पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया कि इस बात के पक्के सबूत हैं कि इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद, बाजौर और बन्नू में हुए आतंकी हमले अफगानिस्तान में बैठे आतंकियों के कहने पर किए गए थे। मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों की जिम्मेदारी अफगानिस्तान स्थित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासान प्रोविंस (आईएसकेपी) ने ली है।
बयान में कहा गया कि पाकिस्तान ने अफगान तालिबान सरकार से कई बार अपील की थी। उसने कहा था कि अफगान जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए न होने दिया जाए। लेकिन, तालिबान सरकार ने आतंकियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी के जवाब में पाकिस्तान ने खुफिया जानकारी के आधार पर इन आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है।
अफगानिस्तान ने दी कड़ी चेतावनी
वहीं, अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पक्तिका और नंगरहार प्रांतों पर हुए पाकिस्तानी हमलों का माकूल जवाब देंगे। हम चुप नहीं रहेंगे, ऐसा जवाब देंगे कि याद रखा जाएगा। मंत्रालय ने कहा, “हमारी सीमाएं और हमारे लोगों की सुरक्षा हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। सही समय आने पर इन हमलों का जवाब दिया जाएगा।”
अफगानिस्तान ने इन हमलों को अपनी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन बताया है। उसका कहना है कि इन हमलों में आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया गया। काबुल ने यह भी कहा कि यह पाकिस्तान की अपनी खुफिया और सुरक्षा की नाकामी का सबूत है। अफगानिस्तान ने साफ किया है कि वह सीमा पार से हो रहे उल्लंघनों पर चुप नहीं बैठेगा और अपनी अखंडता की रक्षा करेगा।
अमर उजाला