हाफिज सईद से संपर्क में रहा शब्बीर अहमद; क्या था लश्कर का प्लान?
दिल्ली स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा के बांग्लादेशी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आठ संदिग्धों का हैंडलर शब्बीर अहमद लोन, मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी के सीधे संपर्क में था।
23 फरवरी, 2026 – नई दिल्ली : दिल्ली की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े बांग्लादेशी मॉड्यूल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एंटी-टेरर ऑपरेशन में गिरफ्तार किए गए लश्कर के आठ संदिग्ध ऑपरेटिव्स का हैंडलर मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद और सीनियर कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी समेत संगठन के टॉप लीडरशिप के सीधे संपर्क में था।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इस हैंडलर की पहचान शब्बीर अहमद लोन के तौर पर हुई है। वह एक कश्मीरी आतंकी है और अभी बांग्लादेश में मौजूद है। बताया गया कि वह 2007 से ही लश्कर के टॉप के नेतृत्व के संपर्क में है। अधिकारियों का मानना है कि हाल ही में पकड़े गए मॉड्यूल को कोऑर्डिनेट करने में उसने अहम भूमिका निभाई थी।
गिरफ्तारी के वक्त हाथ लगे थे अहम सबूत
लोन के सईद और लखवी के साथ सीधे बातचीत के सबूत पहली बार तब सामने आए थे, जब दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने 2007 में उसे गिरफ्तार किया था। उस समय अधिकारियों ने कथित तौर पर सबूत बरामद किए थे, जिससे पता चलता था कि वह लश्कर के दो बड़े लोगों के साथ निरंतर संपर्क में था। हालांकि 2017 में उसे जेल से रिहा कर दिया गया था।
आईएसआई का हाथ
जांच में पाकिस्तान की इंटेलिजेंस एजेंसी आईएसआई के शामिल होने की भी बात सामने आई है। आईएसआई भारत में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को आतंकी हमले करने के लिए भर्ती करने की कोशिश कर रही है। हाल की गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली पुलिस को शक है कि आईएसआई भर्ती और ऑपरेशनल प्लानिंग के लिए आर्थिक रूप से मदद भी दे रही थी।
दिल्ली पुलिस के हाथ लगे 8 संदिग्ध आतंकवादी
दिल्ली पुलिस ने आज सुबह आठ संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया, जिन पर आईएसआई और बांग्लादेश के चरमपंथी संगठनों के कहने पर राष्ट्रीय राजधानी में एक बड़ी आतंकी साजिश रचने का आरोप है।
अधिकारियों ने बताया कि छह आरोपियों को तमिलनाडु के तिरुपुर जिले से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के तौर पर हुई है, जबकि दो अन्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया।
दैनिक जागरण