जून तक 4.8 अरब डॉलर का कर्ज चुकाने का दबाव
पाकिस्तान को जून तक 4.8 अरब डॉलर का बाहरी कर्ज चुकाना है, जिसमें से 3.5 अरब डॉलर यूएई को देने हैं। देश की आर्थिक हालत बेहद खराब है, भुखमरी और महंगाई के विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
08 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली : फटेहाली, भुखमरी और सड़कों पर हो रहे महंगाई के विरोध प्रदर्शन के बीच पाकिस्तान की आर्थिक हालत अब दुनिया के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि देश आज कर्ज चुकाने के लिए दूसरों के आगे हाथ फैलाने को मजबूर है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान को जून तक 4.8 अरब डॉलर का बाहरी कर्ज चुकाना है, जिसमें 3.5 अरब डॉलर सिर्फ यूएई को देने हैं। सरकार इसी महीने के अंत तक दो अरब डॉलर अबू धाबी को लौटाने की तैयारी में है, जो पहले स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान में जमा थे और जिन पर करीब 6 प्रतिशत ब्याज भी देना पड़ रहा था।
मुसीबत यहीं खत्म नहीं होती, 1.3 अरब डॉलर का यूरोबांड भी इसी हफ्ते मैच्योर हो रहा है, जिससे नकदी संकट और गहरा गया है। पहले यूएई इन रकमों को आसानी से रोलओवर कर देता था, लेकिन अब छोटी-छोटी अवधि के लिए ही मोहलत मिल रही है, जो पाकिस्तान की गिरती साख का साफ संकेत है।
दैनिक जागरण