अब पुतिन के भरोसे शहबाज शरीफ, रूस से खरीदेंगे तेल?
पाकिस्तान ने एक बार फिर अपने ऊर्जा संकट को दूर करने के लिए रूस के सामने हाथ फैलाया है। उसने उम्मीद जताई है कि देश में जारी तेल की कमी को रूस की मदद से दूर किया जा सकता है। पाकिस्तान 2023 से रूसी तेल की सीमित मात्रा में खरीद कर रहा है, लेकिन इसमें निरंतरता नहीं है।
13 मार्च, 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान में ऊर्जा संकट चरम पर है। देश के पेट्रोल पंप ड्राई होने के हालात में हैं। लोग डीजल और पेट्रोल के लिए आपस में मारामारी कर रहे हैं। पाकिस्तान ऊर्जा जरूरतों के लिए खाड़ी देशों पर निर्भर है। लेकिन, अब उसे विकल्प के रूप में भारत का दोस्त रूस दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक और भारत में उच्चायुक्त रह चुके अब्दुल बासित ने कहा है कि पाकिस्तान ऊर्जा संकट से निपटने के लिए रूस पर भरोसा कर सकता है। हालांकि, पाकिस्तान ने अमेरिकी टैरिफ के डर से रूस से चंद बैरल तेल खरीदने के बाद इसे बंद कर दिया था।
अब्दुल बासित ने रूस को बताया विकल्प
अब्दुल बासित ने रूसी मीडिया स्पुतनिक से बात करते हुए कहा, मुझे लगता है कि लॉजिस्टिक्स के लिए हम एक तरह से सप्लाई चेन में हैं, मेरा मतलब है कि यह एक संकट है। अब तक पाकिस्तान में, आप जानते हैं, मुझे कोई घबराहट नहीं दिख रही है, अच्छी बात है। और सब कुछ ठीक लग रहा है, सिवाय इसके कि लोग ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से परेशान हैं। लेकिन इसके अलावा, अगर आप बाहर जाएं, तो ऐसा नहीं लगता कि आर्थिक गतिविधियां रुकी हैं।”
पाकिस्तान में तेल को लेकर कोई घबराहट नहीं है। अगर तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट आती है तो हम रूस पर भरोसा कर सकते हैं। रूस से हमने पहले भी तेल आयात किया है। उम्मीद है कि हम एक मुश्किल स्थिति से बाहर निकल पाएंगे।
रूस के संपर्क में है पाकिस्तान
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन इस बीच, मुझे लगता है कि अगर स्थिति बिगड़ती है, अगर तेल और गैस की सप्लाई में रुकावट आती है, तो पाकिस्तान, मेरा मानना है कि हम मॉस्को के संपर्क में हैं और जो जानकारी मुझे मिल रही है, और फिर शायद कहीं न कहीं अगर स्थिति बिगड़ती है तो हम रूस पर भी भरोसा कर सकते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह उस स्थिति तक न पहुंचे, लेकिन रूस के साथ हमने पहले भी, हाल के दिनों में भी तेल इंपोर्ट किया है। तो, उम्मीद है कि हम एक मुश्किल स्थिति से बच पाएंगे या उससे दूर रह पाएंगे जो किसी के हित में नहीं होगी।”
क्या रूस से तेल खरीद रहा पाकिस्तान?
पाकिस्तान 2023 से रूस से कच्चा तेल आयात कर रहा है, हालांकि इसकी मात्रा काफी कम है। पाकिस्तान का कहना है कि वह अपनी ऊर्जा स्रोतों में विविधता के लिए रूस से तेल खरीद रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने रूस से 733,000 बैरल से ज्यादा के तेल की खरीद की है। कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पाकिस्तान को मार्च 2026 में रूसी कच्चे तेल के 733,000 बैरल के एक बड़े शिपमेंट की उम्मीद है। पाकिस्तान रूसी कच्चे तेल के लिए पेमेंट चीनी युआन में कर रहा है।
नवभारत टाइम्स