किस बात का डर : ट्रैक्टर-ट्रालियों में सामान रख छोड़ रहे घर
03 मई, 2025 – फिरोजपुर (पंजाब) : पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। भारत ने सख्ती करते हुए पाकिस्तान पर कई प्रतिबंध लगा दिए हैं, जिसके चलते सरहद पर सेना की सख्ती बढ़ गई है।
फिरोजपुर के सरहदी गांव में ग्रामीणों के दिलों में भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध का डर पैदा हो गया है। ग्रामीण अपना कीमती सामान बांधने में लगे हैं और बच्चों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से सरहद पर तनाव बढ़ता जा रहा है, इससे स्पष्ट हो रहा है कि दोनों देशों के बीच युद्ध तय है। इसीलिए वह अपना सामान बांधकर ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लाद कर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं ताकि उनके बच्चे सुरक्षित रह सकें।
पुरानी जंग अभी याद हैं
ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने 1965 और 1971 की जंग भी देखी है और जंग बहुत ही भयानक है। उन्हें कुछ सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने भी कहा है कि जंग तो छिड़ सकती है। इसलिए आप अपना कीमती सामान सुरक्षित जगहों पर पहुंचा लो। इसी के चलते सीमावर्ती गांव के लोग धीरे-धीरे अपना कीमती सामान लेकर सुरक्षित जगहों पर जाना शुरू हो गए हैं। हालांकि बीएसएफ, सेना और जिला प्रशासन की तरफ से ऐसा कोई आदेश या अपील नहीं की गई है।
लोग पिछले युद्धों को देखते हुए अपना कीमती सामान और बच्चों को सुरक्षित जगहों पर लेकर जाना शुरू हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरहद पर रोजाना माहौल बदल रहा है। तनाव भी बढ़ता जा रहा हैं। सरहद पर दोनों देशों के बीच स्थिति बहुत नाजुक बनती जा रही है। किसी समय भी युद्ध हो सकता है इसीलिए हम लोग अपना कीमती सामान और बच्चों को सुरक्षित जगहों पर लेकर जा रहे हैं।
सौजन्य : अमर उजाला
test