बुकिंग के दिन ही मिल रही डिलीवरी
लुधियाना में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अब सामान्य हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली है। कई क्षेत्रों में बुकिंग के दिन ही सिलेंडर मिल रहे हैं। पहले पैनिक बुकिंग के कारण दबाव बढ़ा था, लेकिन अब कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति बढ़ाई जा रही है। वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी जल्द ही सामान्य होने की उम्मीद है, प्रशासन आदेश का इंतजार कर रहा है।
16 मार्च, 2026 – लुधियाना : पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलिंडरों की उपलब्धता को लेकर जो घबराहट थी, वह अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है। सप्लाई व्यवस्था में सुधार के साथ ही घरेलू गैस सिलिंडरों की उपलब्धता सामान्य हो रही है। गैस एजेंसियों के अनुसार, अब अधिकांश क्षेत्रों में घरेलू सिलिंडर की सप्लाई नियमित रूप से की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में राहत मिल रही है।
वर्तमान में कई इलाकों में घरेलू गैस सिलिंडर बुकिंग के साथ ही उसी दिन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को पहले की तरह लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा। वहीं, जिन गैस एजेंसियों के पास कमर्शियल सिलिंडरों का स्टाक उपलब्ध है, वे अपने नियमित व्यावसायिक ग्राहकों को सीमित मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध करवा रहे हैं ताकि उनकी रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित न हों।
हाल के दिनों में बाजार में पैनिक की स्थिति बनने के कारण कई लोगों ने जरूरत से अधिक गैस सिलिंडर बुक करवा लिए थे। इस कारण सप्लाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया था और कई स्थानों पर सिलिंडर मिलने में देरी भी हो रही थी। हालांकि, अब कंपनियों द्वारा लगातार सप्लाई बढ़ाई जा रही है और एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सिलिंडर पहुंचाए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से एजेंसियों पर स्टाक की जानकारी भी ली जा रही है।
प्रशासन का आदेश मिलते ही कमर्शियल सप्लाई और बढ़ेगी
गौरव जोशी ने यह भी बताया कि कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई को पूरी तरह बहाल करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आदेश का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही इस संबंध में निर्देश मिलेंगे, वैसे ही कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए सप्लाई बढ़ा दी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले कुछ दिनों में कमर्शियल गैस सिलिंडरों की स्थिति भी पूरी तरह सामान्य हो जाएगी और होटल-रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यवसायों को राहत मिलेगी।
एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टाक पहुंच रहा: गौरव
इंडियन आयल के लुधियाना सेल्स हेड गौरव जोशी ने बताया कि फिलहाल घरेलू गैस सप्लाई को पूरी तरह सामान्य करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जमाखोरी और घबराहट के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा सिलिंडर स्टोर कर लिए थे, जिससे सप्लाई चेन पर असर पड़ा। अब स्थिति सामान्य हो रही है और एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टाक पहुंच रहा है। कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है।
जिला प्रशासन की अपील, अफवाहों पर विश्वास न करें जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत माध्यम से ही सिलिंडर की बुकिंग करें। इससे अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति से बचा जा सकेगा।
होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट को उपलब्धता बढ़ाने की तैयारी
गैस एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही थी, जिसके कारण कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हुई थी। लेकिन जैसे-जैसे घरेलू सिलिंडरों की स्थिति सामान्य हो रही है, वैसे-वैसे होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता भी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
दैनिक जागरण