ईरान-इजरायल युद्ध के कारण समुद्र में फंसा था जहाज
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट में फंसा LPG से भरा जहाज ‘शिवालिक’ भारत पहुंच गया है। जालंधर के आदमपुर निवासी कैप्टन सुखमीत सिंह ने 46 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर जहाज को गुजरात बंदरगाह तक पहुंचाया।
17 मार्च, 2026 – आदमपुर (जालंधर) : अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच छिड़े युद्ध के कारण होर्मुज स्ट्रेट में फंसा हजारों टन LPG से भरा जहाज शिवालिक भारत पहुंच गया है। इस जहाज के कैप्टन सुखमीत सिंह जालंधर जिले के आदमपुर के रहने वाले हैं।
हजारों टन LPG लेकर जहाज का गुजरात स्थित बंदरगाह पर पहुंचना बड़ी राहत की खबर है। आदमपुर के लिए भी गर्व और खुशी की बात है कि इस जहाज के कैप्टन सुखमीत सिंह सही सलामत हैं। उनके घरवालों ने राहत की सांस ली है।
कैप्टन सुखमीत सिंह के पिता रिटायर्ड कैप्टन गुरमीत सिंह, मां पार्षद सुखविंदर कौर और पत्नी संदीप कौर ने बताया कि कैप्टन सुखमीत सिंह शिवालिक शिप में तैनात हैं। बीती 26 फरवरी को कतर पहुंचे थे, जहां उनके जहाज पर 28 फरवरी को करीब 46 हजार मीट्रिक टन LPG गैस लोड किया गया था। इसी दौरान ईरान और इजरायल का युद्ध शुरू हो गया।
उनकी कंपनी ने आदेश दिया कि दुबई आ जाओ, वहां इंतजाम करवा देते हैं, लेकिन उन्हें बीच में ईरान के पास रुकना पड़ा। इसकी सूचना कैप्टन ने कंपनी के माध्यम से भारत सरकार को दी। इसके बाद भारत सरकार द्वारा उपाय किए गए और फिर 14 मार्च को ईरान ने उन्हें आगे जाने की अनुमति दी।
परिवार ने बताया कि चिंता के कारण उन्होंने सुखमीत को काम छोड़ने की बात भी कही थी, लेकिन कैप्टन सुखमीत ने साफ जवाब दिया कि वह अपने जहाज के साथ ही रहेंगे और इसे भारत पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। परिवार को खुशी है कि वे अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए जल्द अपने घर लौटेंगे।
दैनिक जागरण