लाठियों से किए ताबड़तोड़ वार, महिलाओं ने रोका था रास्ता
19 अप्रैल, 2025 – मुक्तसर (पंजाब) : पंजाब के मुक्तसर में पंजाब पुलिस पर हमला हुआ है। नशा तस्करों ने स्पेशल स्टाफ के एएसआई का रास्ता रोक कर लाठी डंडों से हमला कर दिया। एएसआई को बचाने आए कांस्टेबल पर भी आरोपियों ने हमला किया है। हमलावरों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पंजाब में आए दिन पुलिस पर हमले हो रहे हैं। बीते एक सप्ताह में पुलिस पर हमले की तीसरी घटना हुई है। पंजाब के मुक्तसर में पुलिस टीम पर हमला हुआ है। हमले में एएसआई बुरी तरह से घायल हुआ है। एएसआई को नशा तस्करों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा है। हमलावरों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम के एएसआई को रास्ते पर रोक कर नशा तस्करों ने लाठियों से हमला कर बेरहमी से पीटा है। आरोपियों ने एएसआई के सिर पर डंडे से वार किए। इतना ही नहीं जब एएसआई घायल होकर जमीन पर गिर गया तो आरोपियों ने उसपर लाठियों से हमला जारी रखा। एएसआई को बचाने आए कांस्टेबल पर भी आरोपियों ने हमला किया। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घायल एएसआई राज बहादुर को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना गिद्दड़बाहा में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों पर हमला करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अभी सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
स्पेशल स्टाफ के एएसआई राज बहादुर सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वह नशा तस्करों की तलाश में कांस्टेबल जसप्रीत सिंह के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। वीरवार शाम करीब पांच बजे वे भारू चौक झुग्गियों की ओर जा रहे थे। रास्ते में आरोपी सूरज प्रताप सिंह उर्फ सूरज, करमजीत कौर उर्फ गग्गू पत्नी जसविंदर सिंह, अर्शदीप सिंह और कमलप्रीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह निवासी भारू चौक झुग्गियां ने उनका रास्ता रोक लिया। इस दौरान आरोपी सूरज प्रताप सिंह ने राज बहादुर सिंह के सिर पर लाठी से वार कर दिया। वहीं आरोपी महिला करमजीत कौर ने लाठी से एएसआई की पीठ पर हमला किया। आरोपी अर्शदीप सिंह ने उक्त लाठी से राज बहादुर सिंह के दाएं हाथ पर वार किए, जिससे वह जमीन पर गिर गया। जब कांस्टेबल जसप्रीत सिंह एएसआई को बचाने आया तो आरोपी महिला कमलप्रीत कौर ने कांस्टेबल पर भी लाठी से हमला कर दिया।
इसके बाद उक्त चारों ने जमीन पर गिरे एएसआई राज बहादुर सिंह लाठियों से प्रहार किए, जिससे उनके बाएं हाथ की अंगुलियों में चोट आई। पुलिस कर्मचारियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर वहां से भाग गए। इसके बाद कांस्टेबल जसप्रीत सिंह ने एएसआई राज बहादुर को सिविल अस्पताल गिद्दड़बाहा में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।
डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि इस मामले में सूरज प्रताप सिंह, करमजीत कौर उर्फ गग्गू, अर्शदीप सिंह और कमलप्रीत कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
सौजन्य : अमर उजाला
test