Ex Pak Army Officer Adil का एक और बड़ा खुलासा
पिछले कुछ साल के दौरान हुए भारतीय नौसेना के आधुनिकीकरण ने चीन को तनाव में डाला हुआ है, जो पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर भारत को कथित दबाब में लाने की रणनीति बना रहा है।
15 नवम्बर, 2025 – नई दिल्ली : जिन्ना के देश के एक पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल रजा ने हाल ही में एक और बड़ा दावा किया है कि पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर चीन के साथ मिलकर भारतीय नौसेना पर एक भीषण हमले की साजिश रच रहे हैं। रिटायर्ड मेजर आदिल ने इससे पहले एक साक्षात्कार में दावा किया था कि मई 2025 में भारत द्वारा पाकिस्तान के लगभग 12 ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले बोले गए थे। आदिल ने माना कि भारत आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपना चुका है और उसने पीओजेके के आतंकी ठिकानों पर सटीक सैन्य कार्रवाई की थी।
रिटायर्ड मेजर आदिल रजा का अब ताजा बयान है कि जनरल असीम मुनीर, जो पाकिस्तानी सेना प्रमुख है, चीन की मदद से इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम, ब्लॉकिंग, रडार जैमिंग, सैटेलाइट कवरेज जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर भारतीय नौसेना के खिलाफ एक बड़ा हमला करना चाहता है।
जनरल मुनीर खासतौर पर बंगाल की खाड़ी, हिंद महासागर और अरब सागर में चीन की बढ़ती नौसैन्य ताकत को देखते हुए यह बड़ा और शैतानी रणनीतिक कदम उठाना चाहता है। आदिल कहता है कि मुनीर की मानसिकता ही ऐसी है कि वह भारत से युद्ध की स्थिति पैदा करना चाहता है, क्योंकि उसे देश के अंदर अपने लिए समर्थन की जरूरत है और उसे लगता है युद्ध के माहौल में उसे यह समर्थन मिल सकता है।
उल्लेखनीय है कि मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद, भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई ‘आपरेशन सिंदूर’ में पाकिस्तान के दर्जन भर ठिकानों पर सटीक हमले बोलकर आतंकवादियों का ताना—बाना छिन्न—भिन्न किया गया था। पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने चुन—चुनकर हिन्दू पुरुषों को मारा था, जिसमें आदिल रजा के अनुसार, असीम मुनीर का हाथ था।
अब आदिल का ताजा दावा है कि असीम मुनीर चीन के साथ मिलकर भारतीय नौसेना पर हमला करने की तैयारी में है। उसने मुनीर की साजिश के मुख्य लक्ष्य हैं—1.चीन-पाकिस्तान विशेष तंत्र की सहायता से भारत के समुद्री सुरक्षा ढांचे को कमजोर करना। 2. इलेक्ट्रोमैग्नेटिक जैमिंग, ब्लॉकिंग और सैटेलाइट कवरेज के जरिए भारत की नौसेना पर हमला बोलना। 3. बंगाल की खाड़ी, हिंद महासागर और अरब सागर जैसे समुद्री क्षेत्रों में प्रभाव बढ़ाने की चीन की कोशिशों में पाकिस्तान की तरफ से मदद करना। 4. मुनीर की कोशिश है कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ाकर खुद को देश में मजबूत नेतृत्वकर्ता दिखाया जाए। 5. युद्ध की स्थिति पैदा कर असीम मुनीर राजनीतिक और सैन्य समर्थन हासिल करना चाहता है।
जिन्ना के देश का पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल रजा कहता है, मुनीर की यह साजिश पाकिस्तान के वरिष्ठ सैन्य सूत्रों और वॉशिंगटन स्थित कुछ सूत्रों की जानकारी पर आधारित है। हालांकि बीजिंग से आदिल के इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी तक सामने नहीं आई है। दिलचस्प बात है कि यह साजिश असीम मुनीर के कार्यकाल के अंत के समय में उभर रही है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि वह अपनी छवि और चमकाने के लिए भारत के खिलाफ युद्ध की स्थितियां बनाना चाहता है।
घटनाओं और भीतरी सुगबुगाहट के तार मिलाकर अगर इस पूरी परिस्थिति का आकलन किया जाए तो साफ होता है कि भारत-पाकिस्तान सीमा संघर्ष की वर्तमान परिस्थितियां स्थिर नहीं हैं, साथ ही इस पर पाकिस्तान में सेना के अंदरूनी संघर्ष और चीन की सैन्य महत्वाकांक्षाओं की छाया भी पड़ रही है। आदिल के दावों को देखते हुए भारतीय नौसेना पहले से अधिक सतर्क होगी ही, क्योंकि अगर मुनीर ने ऐसी कोई हरकत की तो यह निश्चित रूप से समुद्री सुरक्षा के लिए एक चुनौती होगी।
देखने वाली बात यह भी है कि पिछले कुछ साल के दौरान हुए भारतीय नौसेना के विस्तार और उसके आधुनिकीकरण ने चीन को भी तनाव में डाला हुआ है, जो पाकिस्तानी सेना के बड़े अफसरों के साथ मिलकर भारत को कथित दबाब में लाने की रणनीति बना रहा है। यह स्थिति हिन्द महासागर क्षेत्र में भारत के समुद्री प्रभुत्व की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
इसलिए, आदिल रजा के ताजा दावे को गंभीरता से लेना होगा, क्योंकि उसके अनुसार, यह केवल उसकी व्यक्तिगत राय नहीं है, बल्कि सैन्य और राजनयिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर आधारित है। बेशक, इससे पूरी क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर असर पड़ सकता है। लेकिन संतोष की बात है कि भारत में राजनीतिक नेतृत्व सक्षम और सजग है, जिसने अपनी सेना के तीनों अंगों को आधुनिकतम तकनीकों और हथियारों से सज्ज किया है। यही वजह है कि भारतीय वायुसेना दुनिया में तीसरी सबसे तैयार और सज्ज वायुसेना मानी गई है।
पांचजन्य