पांच दिन में मार गिराए 310 पाक सैनिक
बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ‘ऑपरेशन हरूफ‘ के दूसरे चरण में पाकिस्तानी सेना पर कहर बरपाया है। BLA का दावा है कि उन्होंने पांच दिनों में 310 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है, जबकि उनके 46 लड़ाके शहीद हुए। वहीं, पाकिस्तानी सेना ने 216 विद्रोहियों को ढेर करने और 22 सैनिकों व 36 नागरिकों की मौत का दावा किया है। यह अभियान बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में जारी है।
06 फरवरी, 2026 – नई दिल्ली : पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ‘आपरेशन हेरोफ‘ के दूसरे चरण में पाकिस्तानी सेना पर कहर बरपा रही है।
पिछले पांच दिनों से जारी आपरेशन में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के 310 सैनिक मार गिराए हैं। BLA के एक प्रवक्ता ने यह दावा किया है। जबकि पाकिस्तानी सेना ने 216 विद्रोहियों को ढेर करने का दावा किया है।
प्रांत में पिछले शनिवार को ‘आपरेशन हेरोफ‘ का दूसरा चरण शुरू किया गया था, जिसमें पाकिस्तानी सेना और पुलिस बलों को निशाना बनाया जा रहा है।
BLA ने पांच दिन में 310 पाक सैनिक मारे
BLA ने इस आपरेशन का पहला चरण अगस्त, 2024 में शुरू किया था। बलूच भाषा में ‘हेरोफ‘ शब्द का अर्थ काला तूफान होता है। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने एक बयान में दावा किया कि BLA के लड़ाके प्रांत में विभिन्न स्थानों पर अपना नियंत्रण बनाए हुए हैं और कई मोर्चों पर पाकिस्तानी बलों के प्रयासों को विफल कर दिया है।
पाकिस्तानी सेना, फ्रंटियर कोर, पुलिस, आतंक रोधी विभाग और सेना समर्थित समूहों को विभिन्न इलाकों में दबाव, संचालन संबंधी नाकामियों और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रारंभिक आकलनों के हवाले से दावा किया कि अब तक के आपरेशन में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और सहयोगी इकाइयों के कम से कम 310 सैनिक मारे गए हैं। जबकि BLA के 46 लड़ाकों की जान गई है।
पाकिस्तानी सेना ने 216 विद्रोहियों को ढेर करने का दावा किया
प्रेट्र के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार को बलूचिस्तान में विद्रोहियों के खिलाफ अपने अभियान के समापन की घोषणा की और यह दावा किया कि प्रांत में कई स्थानों पर किए गए हमलों के जवाब में चलाए गए अभियान में 216 विद्रोही ढेर किए गए और 36 नागरिकों की जान गई।
जबकि 22 सैनिक भी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक बयान में 26 जनवरी से शुरू किए गए अभियान को सफल करार दिया।
जबकि रायटर के अनुसार, बलूचिस्तान के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि हमलों में 45 सैनिक और 40 नागरिक मारे गए हैं।-
दैनिक जागरण