कहा-पंजाब नहीं जीत पाएंगे, आप उस कुर्सी के लायक नहीं हैं
17 फरवरी, 2026 – चंडीगढ़/पंजाब : डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कुछ दिन पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर गंभीर आरोप लगाकर पार्टी छोड़ने का एलान किया था। उसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। पिछले हफ्ते कांग्रेस के पंजाब इंचार्ज भूपेश बघेल ने नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी से निकाल दिया था।
कोयंबटूर में समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अच्छी बातें करते हैं। वह समझदारी की बातें करते हैं। लेकिन वह जो करते हैं और जो कहते हैं वह बहुत अलग है।
पिछले आठ महीनों से, मैं उनसे यह कहने के लिए समय मांग रही हूं कि आपके लोग, आपके प्रेसिडेंट या पंजाब में नियुक्त आपका व्यक्ति पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा है। वह पंजाब में कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं। मैं आपसे बस यह बताने के लिए बैठने का समय मांग रही हूं कि आपकी पार्टी पंजाब में खत्म हो रही है। उन्होंने पहले ही टिकट बेच दिए हैं। अगर आपको पता नहीं है कि आपके नीचे क्या हो रहा है, तो मुझे माफ करना। आप उस कुर्सी के लायक नहीं हैं। आप जो कर रहे हैं उसके लिए आप जिम्मेदार हैं।
राहुल गांधी के आसपास के लोग करप्ट
डॉ. सिद्धू ने कहा कि हमने पंजाब के लिए सब कुछ छोड़ दिया, और आपने हमें सात डिपार्टमेंट के साथ एक डिप्टी सीएम का पद और मुझे एक एमपी बनाने का वादा किया, लेकिन आपने हमें कुछ नहीं दिया। आपने हमें लोकल बॉडी और टूरिज्म दिया, और आप चाहते थे कि उन्हें सीएम के हिसाब से चलाया जाए। आप करप्शन के खिलाफ क्यों बात कर रहे हैं जब आपके अपने लोग करप्ट हैं? और आप अपने आस-पास के उन करप्ट लोगों को पसंद कर रहे हैं। आपके आस-पास के लोग पूरी तरह से करप्ट हैं। आप आपके पास उन ईमानदार लोगों के लिए समय नहीं है जो आकर आपको बताना चाहते हैं कि यह गलत हो रहा है, आप पंजाब नहीं जीत पाएंगे।
भाजपा में सिद्धू दंपती की घर वापसी के संकेत
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू की संभावित घर वापसी को लेकर हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार शीर्ष नेतृत्व ने वापसी का खाका लगभग तैयार कर लिया है और इस माह के अंत तक अंतिम फैसला हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में प्रारंभिक स्तर पर बातचीत हो चुकी है। कांग्रेस से नवजोत कौर के निष्कासन के बाद सिद्धू दंपती लगातार कांग्रेस नेतृत्व पर हमलावर हैं, वहीं प्रधानमंत्री की सार्वजनिक तौर पर सराहना भी कर रहे हैं, जिससे सियासी अटकलें तेज हुई हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया जैसे नेताओं से भी बातचीत करेगा, जो सिद्धू की वापसी के पक्ष में नहीं माने जाते। हालांकि सूत्रों का दावा है कि राज्य इकाई के विरोध का असर सीमित रहेगा। पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि शिअद से दूरी की मौजूदा रणनीति के बीच सिद्धू की वापसी नेतृत्व को राजनीतिक रूप से लाभकारी लग रही है।
अमर उजाला