अधिकारियों के सामने ही दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे; कई लोग घायल
लुधियाना के लाडोवाल क्षेत्र में सतलुज दरिया में कथित अवैध रेत खनन को लेकर तनाव बढ़ गया। माइनिंग विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची तो स्थानीय लोगों और खनन करने वालों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठियां चलने से कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माइनिंग विभाग ने रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
19 फरवरी, 2026 – लुधियाना : थाना लाडोवाल क्षेत्र में सतलुज दरिया में कथित अवैध रेत खनन को लेकर बुधवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब माइनिंग विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि डी-सिल्टिंग के नाम पर अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है।
इस दौरान अधिकारियों के सामने ही दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठियां चल गईं और कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार झड़प में गुरप्रीत सिंह, सुखविंदर सिंह, लखबीर सिंह और ध्यान सिंह सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दो बुजुर्गों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दरिया की सफाई के नाम पर भारी मशीनों से लगभग 20 से 25 फीट तक खुदाई की जा रही थी और बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही थी। उनका कहना है कि अगर खनन पूरी तरह वैध था तो संबंधित कंपनी के कर्मचारी मशीनें और टिप्पर लेकर मौके से क्यों फरार हो गए।
माइनिंग विभाग ने तैयार की रिपोर्ट
माइनिंग विभाग की एसडीओ शाहपुर विर्क ने बताया कि टीम ने मौके का निरीक्षण कर अवैध खुदाई संबंधी रिपोर्ट तैयार कर ली है। नियमों के अनुसार संबंधित पक्ष पर जुर्माना लगाया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद थाना लाडोवाल पुलिस को शिकायत दे दी गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक जागरण