21 फरवरी, 2026 – पंजाब में ड्रोन से पाकिस्तान भेज रहा हेरोइन और हथियार, जनवरी-फरवरी 2025 में सैकड़ों किलो बरामद। CM भगवंत मान के ‘नशामुक्त पंजाब’ दावों पर सवाल, कानून व्यवस्था चरमरा रही है।
गुजरात व अन्य चुनावी राज्यों में जाकर पंजाब के मुख्यमंत्री अपने यहां ‘सब चंगा ही चंगा’ होने का दावा करते हैं परन्तु सच्चाई यह है कि पांच दरियाओं की भूमि पंजाब में न केवल नशे की नदी भी बह रही है बल्कि इसमें बाढ़ भी आई लगती दिख रही है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् में 27 जनवरी को भारत ने बताया कि पाकिस्तान आतंकवाद को सरकारी नीति के हथियार के रूप में भारत के विरुद्ध लगातार इस्तेमाल कर रहा है।
इसी के अनुरूप पाकिस्तान ने लगातार जम्मू-कश्मीर में हिंसा फैलाना तथा पंजाब में ड्रोनों के जरिए नशे और तबाही का सामान भेजना जारी रखा हुआ है। गत वर्ष जनवरी से 1 दिसम्बर 2025 के बीच BSF ने पाकिस्तान से आए 272 ड्रोन जब्त करके 367 किलो हैरोइन 10 किलो से अधिक आर. डी. एक्स. व तबाही का अन्य सामान जब्त किया और इस वर्ष भी यह क्रम जारी है जिसकी पिछले मात्र 3 सप्ताह की घटनाओं पर नजर दौड़ाएं तो पता चलता है कि पंजाब में नशे की स्थिति कितनी भयावह बन चुकी है।
- 15 जनवरी को अमृतसर में काऊंटर इंटेलीजेंस विंग ने एक नशा तस्करी माड्यूल का भंडाफोड़ करके 4 लोगों की गिरफ्तार किया और उनके पास से 40 किलो हैरोइन बरामद की।
- 27 जनवरी को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तानी नारकोटिक्स आम्र्स तस्कर माड्यूल के 4 सदस्यों को गिरफ्तार करके ड्रोन द्वारा सीमा पार से भेजी गई 5 किलो हैरोइन, 1.98 लाख रुपए की ड्रग मनी, 9 एम. एम. तथा 30 बोर की 2 पिस्तौलों के अलावा पाकिस्तान की हथियार फैक्टरी में बने हुए 34 जिंदा कारतूस बरामद किए।
- 28 जनवरी को अमृतसर में पंजाब पुलिस ने पाक नार्को आतंकवाद नैटवर्क से जुड़े 2 तस्करों को गिरफ्तार करके ड्रोन द्वारा आई 9 किलो हैरोइन, 4 हैंड ग्रेनेड, 1 विदेशी पिस्तौल व 46 कारतूस बरामद किए।
- 29 जनवरी को अमृतसर देहाती पुलिस ने नाबालिग सहित गिरफ्तार 2 तस्करों से ड्रोन द्वारा भेजी गई साढ़े 51 किलो हैरोइन बरामद की।
- 2 फरवरी को बी.एस.एफ. ने ममदोट (फिरोजपुर) में हैरोइन की डिलीवरी देकर पाकिस्तान लौटते समय तकनीकी खराबी के कारण चक्क सरकार के जंगल में गिरा हुआ ड्रोन जब्त किया।
- 3 फरवरी को फिरोजपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार करके उससे ड्रोन द्वारा भेजी गई 507 ग्राम हैरोइन बरामद की।
- 3 फरवरी को ही बी. एस. एफ. तथा पंजाब पुलिस की संयुक्त टीमों ने पाकिस्तान की ओर से अमृतसर के गांव टांडा के इलाके में ड्रोन द्वारा फेंकी गई 10 करोड़ रुपए मूल्य की हैरोइन के साथ एक तस्कर को पकड़ा।
- 3 फरवरी को ही अमृतसर में सी. आई.ए. स्टाफ ने गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार करके सीमा पार से ड्रोन द्वारा भेजे गए इटली, तुर्की तथा आस्ट्रिया में बने 7 विदेशी पिस्तौल और 7 मैगजीन बरामद किए।
- 4 फरवरी को जगराओं (जिला लुधियाना) में ड्रोन द्वारा मंगवाई 3 किलो 34 ग्राम हैरोइन, मैगजीन सहित 32 बोर पिस्तौल और 2 कारतूसों सहित 4 आरोपियों को पुलिस जिला लुधियाना ग्रामीण के सी. आई.ए. स्टाफ ने गिरफ्तार किया।
- 4 फरवरी को ही तरनतारन में पुलिस तथा बी.एस.एफ. की संयुक्त कार्रवाई में सीमा चौकी कालियां के निकट ड्रोन द्वारा खेतों में फेंकी गई 925 किलो हैरोइन के अलावा इसे भेजने के लिए पाक तस्करों द्वारा इस्तेमाल किया गया ड्रोन भी बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बलों की चकमा देने के लिए नशा तस्करों ने गरीब परिवारों के नाबालिगों को इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है और पिछले 11 महीनों में अकेले अमृतसर में ही नाबालिगों के पास से 80 किलो + हैरोइन बरामद की जा चुकी है।
पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत खराब
पंजाब में बरामद हो रहा नशा व अवैध हथियार इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य में न केवल नशा बल्कि कानून व्यवस्था को लेकर हालात काफी गंभीर हैं। राज्य को इस दयनीय हालत में छोड़ कर पंजाब के मुख्यमंत्री अकसर देश के चुनावी राज्यों में जाकर राज्य को नशामुक्त करने के जो दावे करते हैं वह हास्यास्पद ही लगते हैं। इनकी बजाय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को अपने कामकाज पर ध्यान देना चाहिए।
पांचजन्य