बदमाशों ने 10 से 12 राउंड किए फायर
जालंधर के संतोखपुर में एक पशु चिकित्सक के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने 10-12 गोलियां चलाईं। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोलियां गेट और शीशे पर लगीं। सूचना मिलते ही एडीसीपी जयंत पुरी मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, लेकिन गोलीबारी का कारण अभी अज्ञात है।
28 फरवरी, 2026 – जालंधर : पंजाब के जालंधर जिले के संतोखपुरा इलाके में देर रात गोलियां चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी कार और उनके मकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना रात करीब 1 बज कर 40 मिनट की बताई जा रही है। उस समय डॉक्टर यशपाल अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने पहले घर के बाहर खड़ी कार पर गोलियां चलाईं और फिर मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 फायर किए।
पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस जांच को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी जयंत पुरी पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे।
थाना 8 के एसएचओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर एफआइआर दर्ज कर ली है और आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि उन्हें रात करीब 2 बजे डॉक्टर यशपाल का फोन आया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को दे दी गई है, जिन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। डॉक्टर यशपाल पिछले 20 वर्षों से चिकित्सा सेवा दे रहे हैं और मोगा में अस्पताल संचालित करते हैं। फिलहाल पुलिस हमले के कारणों की जांच में जुटी है।
दैनिक जागरण