विशेष विमान से चेन्नई और दिल्ली पहुंचे
दुबई में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह एक विशेष विमान के जरिए 217 यात्री चेन्नई पहुंचे।
07 मार्च, 2026 – चेन्नई : इजरायल–ईरान युद्ध के चलते दुबई में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह एक विशेष विमान के जरिए 217 यात्री चेन्नई पहुंच गए हैं।
अमेरिका–ईरान के बीच परमाणु समझौता विफल होने के बाद इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर हवाई हमला किया। इसके जवाब में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने भी इजरायल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान ने अमेरिका के सहयोगी देशों बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात पर भी हमले किए हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव पैदा हो गया है।
कई खाड़ी देशों में उड़ानें निलंबित
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण दुबई, सऊदी अरब सहित कई खाड़ी देशों में उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इसके चलते वहां बड़ी संख्या में भारतीय फंसे गए हैं। इस स्थिति में खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सऊदी अरब के जेद्दा शहर से भारत के विभिन्न शहरों के लिए इंडिगो एयरलाइन की ओर से 10 विशेष उड़ानें संचालित करने की घोषणा की है।
सीमित संख्या में उड़ानें
इसी क्रम में दुबई से विशेष विमान से 217 यात्री मंगलवार तड़के चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे पर उनके परिजनों ने उन्हें गले लगाकर भावुक होकर स्वागत किया। हवाई क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए दुबई की एमिरेट्स एयरलाइन ने कल रात से सीमित संख्या में कुछ उड़ानें ही संचालित करना शुरू किया है।
मस्कट के लिए फ्लाइट
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट के लिए अपनी उड़ान सेवा आज से फिर शुरू कर दी है। दिल्ली, तिरुचिरापल्ली, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई से मस्कट के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें संचालित की जा रही हैं। हालांकि, बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए एयर इंडिया की उड़ान सेवाएं फिलहाल निलंबित रखी गई हैं।
दुबई से एयर इंडिया की पहली फ्लाइट पहुंची दिल्ली
एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे भारतीयों की मदद के लिए अपनी उड़ानें आंशिक रूप से शुरू कीं हैं। एयर इंडिया से मंगलवार को स्पेशल ऑपरेशन के तहत दुबई में फंसे 149 यात्री और 8 ऑपरेटिंग क्रू मेंबर थे। एयरलाइन के मुताबिक वीटी-ईडीसी रजिस्ट्रेशन वाले यह यात्री इलाके के मौजूदा हालात की वजह से दुबई में फंसे हुए थे।
यात्री ने कहा- हालात सामान्य हैं
दिल्ली एयरपोर्ट पर आई एयर इंडिया की इस उड़ान में सवार एक यात्री ने बताया कि वहां हालात काफी सामान्य हैं, बहुत अधिक तनाव की स्थिति नहीं है, लेकिन फ्लाइट रद्द होने और बाकी सब चीजों की वजह से लोगों पर आर्थिक असर पड़ रहा है। वहां रहना बहुत महंगा है। उन्होंने दुबई की सरकार से वहां टूरिस्ट को रुकने की जगह देने का आग्रह किया। इस यात्री ने कहा कि एयर इंडिया ने हमें पूरा गाइड किया। वहां की सरकार हर संभव मदद कर रही है।
पांचजन्य