हम लाए हैं युद्ध से जहाज निकालकर…
नंदा देवी LPG टैंकर 46,500 मीट्रिक टन से अधिक LPG लेकर भारत के वाडिनार बंदरगाह पहुंचा है। यह युद्ध प्रभावित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाला दूसरा जहाज है। दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन ने जहाज का दौरा किया।
18 मार्च, 2026 – नई दिल्ली : शिवालिक के बाद एक और LPG टैंकर नंदा देवी मंगलवार को भारत पहुंच गया। इसमें 46,500 मीट्रिक टन से ज्यादा लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) है। अब एंकरेज पर शिप-टू-शिप (STS) ट्रांसफर किया जाएगा।
दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी (DPA) के चेयरमैन सुशील कुमार सिंह ने मदर वेसल MT नंदा देवी के कैप्टन और क्रू से बातचीत करने और उन्हें सुविधाएं देने के लिए जहाज का दौरा किया।
युद्ध के बीच भारत पहुंचा दूसरा जहाज
उन्होंने कहा, “नंदा देवी जहाज आज सुबह 2.30 बजे पहुंचा। यह जहाज-से-जहाज़ (STS) ट्रांसफर के लिए 46,500 MT LPG लेकर आया है, जो गहरे समुद्र में एंकरेज एरिया में होगा। MT BW Birch को STS ट्रांसफर आज शुरू होगा। हमने इस माल को यहां लाने के लिए क्रू का धन्यवाद किया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।”
यह जहाज युद्ध से प्रभावित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार करने के बाद गुजरात के वाडिनार बंदरगाह पर पहुंचा। मिडिल ईस्ट में गहराते संकट के बीच होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाला भारत का यह दूसरा जहाज है।
शिवालिक लेकर आया था 46 हजार मीट्रिक टन गैस
एक दिन पहले LPG टैंकर शिवालिक गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर 46,000 मीट्रिक टन से ज्यादा LPG लेकर पहुंचा था। इसमें इतनी गैस थी जो भारतीय घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के लगभग 32.4 लाख स्टैंडर्ड घरेलू सिलेंडरों के बराबर थी।
अधिकारियों का अनुमान है कि यह अकेला जहाज भारत की कुल LPG आयात की जरूरत का लगभग एक दिन का हिस्सा पूरा कर सकता है।
दैनिक जागरण