कोयला की बढ़ती कीमतों का असर; 24 हजार रुपये प्रति टन हुई कीमत
मोगा में कोयले की बढ़ती कीमतों और जीएसटी दर में वृद्धि के कारण 32 ईंट भट्ठे बंद हो गए हैं। कोयले का दाम 11 हजार से 24 हजार रुपये प्रति टन हो गया है, जबकि जीएसटी 5% से 18% हो गई है।
18 मार्च, 2026 – मोगा : कोयले की बढ़ रही कीमत को लेकर जिला मोगा में करीब 32 ईंट भट्ठे बंद हो चुके है। बता दे कि जिले में कोयले की बढ़ती कीमतों और जीएसटी दर में वृद्धि के कारण ईंट भट्ठा उद्योग संकट का सामना कर रहा है। जिसको लेकर मंगलवार को भट्ठा यूनियन ने विशेष बैठक करके केंद्र सरकार से कोयले की बढ़ती कीमतों पर नकेल डालने की मांग की है।
बैठक के दौरान भट्ठा यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार गोयल व रविंद्र गोयल ने बताया कि कोयले की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि से भट्ठा उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। कोयले का दाम 11 हजार रुपये प्रति टन से बढ़कर 24 हजार रुपये प्रति टन हो गया है। इसके अतिरिक्त, कोयले पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) भी 5 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशित हो गई है।
जिले में चल रहे हैं 169 भट्ठे
बैठक के दौरान यूनियन के सदस्यों ने बताया कि इन बढ़ी हुई कीमतों के कारण मोगा जिले में कुछ भट्ठे पहले ही बंद हो चुके हैं।जिले में कुल 169 भट्ठों में से पहले ही केवल 108 चालू थे, जिनमें से अब केवल 76 ही संचालित हो रहे हैं। शेष भट्ठे कोयले की कमी और उच्च लागत के कारण बंद हो गए हैं।
यूनियन ने यह भी बताया कि बढ़ी हुई दरों पर भी गुजरात के खदान से कोयला लोड नहीं हो पा रहा है। यूनियन के सदस्यों ने बताया कि यदि इसी दर पर कोयला खरीदना पड़ा, तो ईंटों की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी करनी पड़ेगी। इससे आम आदमी के लिए घर बनाना और भी मुश्किल हो जाएगा। भट्ठा यूनियन ने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की है कि वे कोयले की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाएं।
मालिकों को हो रहा नुकसान
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई कदम नहीं उठाया गया, तो पंजाब के सभी भट्ठे बहुत जल्द बंद हो जाएंगे। जिससे मालिकों को भारी आर्थिक होगा ऐसा होने पर मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। इस मौके सुशील गोयल, मोहित मंगला, गगन, पंचम, अमृत गोयल, विमल, टोनी, संदीप, मनीष सिंगला, नीता, रणधीर, जगतार सिंह, सुशील गोयल, अनीश, सतपाल सिंगला, जोनी, गुरमेल बासी, सतीश कुमार, प्रेस सचिव अमृत गोयल, बबला, अशोक कुमार, संजीव कुमार, खुशील ,सुशील गोयल, मनीष बंसल, अमन गोयल के अलावा अन्य उपस्थित थे।
दैनिक जागरण