धर्मपरिवर्तन रोकने के लिए लाएंगे विधेयक : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने किया पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 का शंखनाद
20 मार्च, 2026 – मोगा : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी विधानसभा के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए शनिवार को कहा कि साल 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर राज्य को दो साल के भीतर नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
जिले के गांव किल्ली चाहलां में विशाल रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि राज्य में बढ़ रहे धर्मपरिवर्तन को रोकने के लिए सरकार के पहले दो महीनों में ही धर्मपरिवर्तन रोकने के लिए विधेयक लाएंगे। आज हम मोगा की पवित्र धरती पर पंजाब में 2027 में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेने आए हैं। मैं यहां उपस्थित सभी नेताओं और विशेषकर युवा मित्रों को प्रणाम करता हूँ। आज नानकशाही कैलेंडर के अनुसार नए साल की शुरुआत है, जिसकी आप सभी को बधाई।
उन्होंने कहा, मैं उन महान गुरुओं को नमन करता हूं जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया। श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी पर्व चल रहा है; उन्होंने मुगलों के आतंक से कश्मीरी पंडितों और धर्म की रक्षा के लिए अपना शीश कटा दिया। अगर वे न होते, तो आज भारत का स्वरूप कुछ और होता। मैं बाबा दीप सिंह जी, शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी नमन करता हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पंजाब आज नशे, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और जबरन धर्म परिवर्तन की समस्याओं से जूझ रहा है। वर्तमान सरकार केवल दिल्ली के लिए एक एटीएम बनकर रह गई है, जबकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। मोदी सरकार ने किसानों के लिए एमएसपी बढ़ाई, बजट बढ़ाया और करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनवाया। उन्होंने कहा, हम वादा करते हैं कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनी, तो हम दो साल में नशा खत्म करेंगे और धर्म परिवर्तन पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून लाएंगे। आइए, पंजाब के सम्मान के लिए कमल खिलाएं।
शिअद से गठबंधन की अटकलों पर विराम
मोगा में आयोजित बदलाव रैली में पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने केसरी रंग की पगड़ी पहनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पगड़ी देश पर गुरुघर के कर्ज का प्रतीक है। शाह ने यह भी कहा कि 2027 में भाजपा अपने बूते पंजाब में सरकार बनाएगी। शाह के इस बयान से स्पष्ट हो गया कि अकाली दल से गठबंधन के अभी कोई आसार नहीं हैं। शाह ने ये भी कहा कि पंजाब में कॉमेडी करने वाला सीएम नहीं बल्कि काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए।
शाह ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का एटीएम बताया। उन्होंने कहा कि अगर बंटवारे के वक्त भाजपा की सरकार होती तो करतारपुर साहिब पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में होता।
पांचजन्य