ताहिर अनवर कौन था? जैश ने गुपचुप दफनाया
मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत के बाद उसको बहावलपुर में दफनाया गया है। बहावलपुर को जैश के गढ़ की तरह माना जाता है, जहां से यह गुट अपनी एक्टिविटी करता है।
31 मार्च, 2026 – इस्लामाबाद: पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत हो गई है। अनवर की मौत और बहावलपुर में उसके अंतिम संस्कार की बात सामने आई है। जैश की ओर से यह नहीं बताया गया है ताहिर अनवर की मौत कैसे हुई है। ताहिर अनवर भी अपने भाई के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था और कई तरह के कामों को देखता था। जैश ने ताहिर को सीनियर लीडर कहकर याद किया है।
ताहिर अनवर की मौत की पुष्टि जैश-ए-मोहम्मदके आधिकारिक चैनल के जरिए की गई। इसमें बताया गया कि तरिक को सोमवार देर रात बहावलपुर की जामिया मस्जिद उस्मान वाली के पास दफनाया जाएगा। ताहिर अनवर के जैश-ए-मोहम्मद से करीब से जुड़े होने और सालों से इस संगठन के कामों में सक्रिय होने की बात कही गई है।
मौत की वजह पर सस्पेंस
ताहिर अनवर की मौत की वजह पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। उसकी मौत को लेकर ना तो किसी बीमारी का जिक्र है और ना ही किसी हादसे की बात कही गई है। इसकी वजह से उसकी मौच पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सवाल उठ रहा है कि मौत की वजह को छुपाया क्यों जा रहा है।
पाकिस्तान में हालिया महीनों में अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े कई लोगों की मौत हुई है। इनमें कई आतंकियों की हत्या की गई हैं। ऐसे में ताहिर की मौत को लेकर कई बातें कही जा रही हैं। हालांकि अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे पता चले कि उस पर कोई हमला किया गया है।
मसूद का बड़ा भाई था तारिक
ताहिर अनवर जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर का बड़ा भाई था। अनवर, मसूद अजहर के पांच भाइयों में से एक था। अनवर जैश-ए-मोहम्मद के अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल रहता था। मसूद अजहर के परिवार में हालिया दिनों में लगातार मौतें होने की बात सामने आती रही है।
भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बहावलपुर में किए गए हवाई हमलों में मसूद परिवार के 10 सदस्य और कुछ सहयोगियों के मारे जाने की बात सामने आई थी। मारे गए लोगों में उसकी बहन, भतीता और परिवार के दूसरे लोग शामिल थे। मसूद के कुछ कथित ऑडियो में भी मौतों की बात स्वीकारी गई थी।
कितना खतरनाक है जैश
जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान से चलने वाला एक बड़ा आतंकी संगठन है। इस गुट का नाम खासतौर से भारत में हुए आतंकी हमलों से जुड़ता रहा है। साल 2001 के संसद पर हमले, 2008 के मुंबई हमला, 2016 के पठानकोट हमले और 2019 के पुलवामा हमले में जैश के शामिल होने का आरोप है।
मसूद अजहर भारत की मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल है। मसूद को लंबे समय से सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। उसके ठिकाने और सेहत को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ती रही हैं। हालांकि ऐसी रिपोर्ट सामने आती रही हैं, जो बताती हैं कि मसूद पाकिस्तान में बैठकर आतंक फैलाने के काम में लगातार लगा हुआ है।
नवभारत टाइम्स