शिअद को बड़ा झटका
SGPC सदस्य चरणजीत सिंह कालेवाल सहित कई वरिष्ठ अकाली नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि इससे पंथक राजनीति में पार्टी मजबूत हुई है।
31 मार्च, 2026 – चंडीगढ़ : पंथक राजनीति में भाजपा को उस समय मजबूती मिली जब SGPC के सदस्य चरणजीत सिंह कालेवाल समेत कई वरिष्ठ अकाली नेताओं ने भाजपा ज्वाइन कर ली। भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने पंथक नेताओं को पार्टी में शामिल करवाया।
इन नेताओं में कालेवाल समेत शिअद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमनदीप सिंह भरौवाल तथा नकोदर से दूसरी पीढ़ी के अकाली नेता अवतार सिंह रामेवाल समेत अन्य शामिल हैं। अश्वनी शर्मा ने कहा कि बदलाव के नाम पर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों से वोट की लूट की।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि 14 मार्च को मोगा रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दो साल में पंजाब का नशा खत्म करने का बयान राजनीतिक नहीं, बल्कि उनका संकल्प है। केंद्रीय गृह मंत्री ने पंजाब के लोगों को नानकशाही कैलेंडर के हिसाब से नववर्ष की शुभकामना देकर दर्शा दिया कि पंजाब और सिखों को लेकर भाजपा की क्या सोच है।
दैनिक जागरण