पेट्रोल 458 रुपये; डीजल 520 रुपये के पार
पाकिस्तान ने डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 50% से अधिक की बढ़ोतरी की है, जिससे डीजल 520.35 रुपये और पेट्रोल 458.40 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
03 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली : पाकिस्तान ने गुरुवार को डीजल और पेट्रोल की कीमतें 50% से ज्यादा बढ़ा दीं। एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। यह बढ़ोतरी मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक तेल कीमतों में हो रही तेज वृद्धि के चलते की गई है।
डीजल की कीमत 55% से ज्यादा बढ़ाकर 520.35 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि पेट्रोल की कीमत लगभग 55% बढ़ाकर 458.40 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
गुरुवार को अमेरिकी तेल कीमतों में 11% से ज्यादा की उछाल आई, जबकि ब्रेंट क्रूड की कीमतें 7% से ज्यादा बढ़ गईं। यह बढ़ोतरी तब हुई जब एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि सैन्य अभियान और तेज किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतें बेकाबू
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतें बेकाबू हो गई हैं, इसलिए कीमतों में यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।
पिछले महीने इस दक्षिण एशियाई देश ने डीजल और पेट्रोल की उपभोक्ता कीमतें लगभग 20% बढ़ाई थीं। उस समय भी उन्होंने ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमलों के कारण तेल कीमतों में हुई वृद्धि का हवाला दिया था।
इस फैसले से महंगाई बढ़ने की आशंका है, जिसका सबसे ज्यादा असर पाकिस्तान की गरीब आबादी पर पड़ेगा। पाकिस्तान मुख्य रूप से सऊदी अरब और यूएई से होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते तेल आयात करता है।
सब्सिडी पर बड़ा फैसला
देश के वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अलग से कुछ सब्सिडी की घोषणा की। इनका मकसद छोटे किसानों, मोटरसाइकिल चालकों और शहरों के बीच माल तथा यात्रियों की ढुलाई करने वालों को राहत देना है।
मलिक ने कहा कि सरकार ने पिछले तीन हफ्तों में 129 अरब पाकिस्तानी रुपये की सब्सिडी दी थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण अब इसे उसी रूप में जारी रखना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संसाधन सीमित हैं और इस युद्ध का कोई अंत नजर नहीं आ रहा है, इसलिए सभी के लिए एक समान सब्सिडी जारी रखना अब संभव नहीं है।
दैनिक जागरण