भारत कुछ नहीं भूलता, किसी को माफ नहीं करता, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर देर रात ठीक 1.05 पर आया IAF का ट्वीट
Operation Sindoor First Anniversary: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना और वायुसेना ने एक्स पर पोस्ट किया है। IAF ने 6 मई की देर रात ठीक 1 बजकर 5 मिनट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें लिखा है- भारत कुछ नहीं भूलता, किसी को माफ नहीं करता। भारतीय वायु सेना का ये ट्वीट बिल्कुल उस समय पर आया जैसा बीते साल ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई होने पर भारतीय सेना ने किया था।
07 मई, 2026 – नई दिल्ली: ‘ ऑपरेशन सिंदूर‘ की आज पहली वर्षगांठ है। यह एक निर्णायक सैन्य कार्रवाई थी, जिसे भारतीय सेना ने पिछले साल इसी दिन पीओके और पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों और उनके बड़े ठिकानों के खिलाफ अंजाम दिया था। यह सैन्य अभियान 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। इसमें पाकिस्तान-समर्थित आतंकवादियों ने 26 बेकसूर लोगों का बेरहमी से कत्लेआम किया था। पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली सालगिरह
बीते साल 22 अप्रैल को हुए इस आतंकी हमले के बाद 6 मई 2025 की देर रात भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की थी। आर्म्ड फोर्सेज के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से पाकिस्तान घुटनों पर आ गया था। पाकिस्तानी सेना के डीजीएमओ ने सीजफायर की अपील की थी, जिसके बाद भारतीय सेना युद्धविराम के लिए तैयार हुई। हालांकि, भारतीय सेना ने दो टूक कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर अब भी जारी है। अब एक साल बाद भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर बेहद खास पोस्ट किया है।
भारतीय वायुसेना ने एक्स पर पोस्ट में क्या कहा
IAF ने एक्स पर पोस्ट में लिखा है- ‘ऑपरेशन सिंदूर, न्याय मिला। एक्शन में सटीक, ऑपरेशन सिंदूर जारी है। भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कुछ माफ नहीं करता।’ ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय वायु सेना ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा गया कि भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कुछ भी माफ नहीं करता। करीब 1 मिनट 28 सेकंड का यह वीडियो पोस्ट देर रात 1:05 बजे पोस्ट किया गया। ठीक उसी समय जब पिछले साल 6-7 मई की रात को ऑपरेशन शुरू हुआ था।
भारतीय सेना ने भी शेयर किया खास VIDEO
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ के मौके पर भारतीय सेना ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें भारतीय सेना ने लिखा, ‘भारत की प्रतिक्रिया दृढ़, नपी-तुली और सटीक थी। हम अपनी संप्रभुता और अपने लोगों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ सेना ने आगे कहा, ‘न्याय मिल गया है, जय हिंद।’ इस अवसर पर भारतीय सेना ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें पहलगाम हमले से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक पूरे घटनाक्रम में दिखाया गया है। इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वह कड़ी चेतावनी भी शामिल है जो उन्होंने पहलगाम हमले के बाद आतंकवादियों और उनके पनाहगारों को दी थी।
पहलगाम आतंकी हमला, पीएम मोदी का सख्त संदेश, फिर सेना का एक्शन
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत हर आतंकवादी और उसके मददगारों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें दंडित करेगा। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का एक और संदेश भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट रूप से घोषणा की थी, आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। आतंक और व्यापार साथ-साथ नहीं हो सकते। पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते। इस बयान के साथ उन्होंने पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया था।
22 अप्रैल 2025 को हुआ था पहलगाम अटैक, फिर 6 मई को एक्शन
वहीं, इस सैन्य अभियान की पहली वर्षगांठ पर भारतीय रक्षा स्टाफ के मुख्यालय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक’ बताया। पहलगाम आतंकी हमला 22 अप्रैल 2025 को हुआ था। पाकिस्तान-समर्थित हमलावरों ने पहलगाम में घूमने आए लोगों से धर्म पूछकर उन्हें निशाना बनाया था। गैर-मुसलमानों की पहचान करने के लिए उन्होंने पीड़ितों को जबरन इस्लामी ‘कलमा’ पढ़ने के लिए मजबूर किया। मारे गए लोगों में 25 पर्यटक और एक स्थानीय टट्टू-चलाने वाले भी शामिल था, जिसने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की थी।
6-7 मई को शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर
इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6 और 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की सैन्य और रणनीतिक क्षमताओं का एक अहम प्रदर्शन था, जिसमें सैन्य और गैर-सैन्य, दोनों तरह के उपायों का इस्तेमाल किया गया था। इस सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान के अंदर छिपे कई आतंकवादियों को मार गिराया गया था।
नवभारत टाइम्स