पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर भारतीय सेना के साहस और शौर्य को सलाम किया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी DP भी बदली और देश की सेनाओं की वीरता को याद करते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
07 मई, 2026 – नई दिल्ली: आज से एक साल पहले पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। भारतीय सेनाओं के इस ऑपरेशन को एक वर्ष पूरा हो गया है। इस मौके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेनाओं के शौर्य को सलाम किया है। साथ ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल की डीपी को ऑपरेशन सिंदूर पर कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘एक वर्ष पूर्व ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सशस्त्र सेनाओं ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिम्मत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा देश हमारी सेनाओं के शौर्य को सलाम करता है।’
पीएम मोदी ने की भारतीय सेना की सराहना
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इसने हमारी सशस्त्र सेनाओं की तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। साथ ही, इसने हमारी सेनाओं के बीच बढ़ते संयुक्त बल को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए भारत के प्रयासों से राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया।’
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई पर दोहराया संकल्प
पीएम मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकल्प को दोहराते हुए कहा, आज, एक वर्ष बाद हम आतंकवाद को पराजित करने और उसके समर्थक तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प में पहले की तरह ही दृढ़ हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय की सेना की जमकर की तारीफ
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता आ रहा है। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय सटीकता, बेहतरीन समन्वय और तीनों सेनाओं के बीच गहरी तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया।”
- उन्होंने आगे लिखा, “‘ऑपरेशन सिंदूर’ राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक सशक्त प्रतीक है। यह दर्शाता है कि जब भी देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण घड़ी आती है, तो हमारे सशस्त्र बल निर्णायक कार्रवाई करने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।”
- रक्षा मंत्री ने कहा कि यह अभियान भारत के ‘आत्मनिर्भरता’ की दिशा में लगातार बढ़ते कदमों का भी प्रमाण है, जिसके माध्यम से हम अपनी क्षमताओं को बढ़ाते हुए अपनी सहनशक्ति और दृढ़ता को भी सुदृढ़ कर रहे हैं।
- इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में रक्षा मंत्री की वह कड़ी चेतावनी भी शामिल है, जिसमें उन्होंने कहा था, “भारत आतंकवाद के खिलाफ जब भी कोई कार्रवाई करेगा, तो आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए सरहद पार की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी।”
ऑपरेशन सिंदूर
- बीते वर्ष 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने टूरिस्टों पर हमला किया था। इस हमलों में 26 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या की गई। इनमें से 25 पर्यटक थे।
भारतीय सेना ने इस कायरता पूर्ण हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को मार गिराया था। वहीं ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद इन आतंकवादियों के कैंपो को भी ध्वस्त कर दिया गया। बीते वर्ष 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया गया था।
- इस ऑपरेशन में आतंकवादियों के 9 बड़े कैंप पूरी तरह नष्ट कर दिए गए। बड़ी संख्या में वहां मौजूद आतंकवादियों को भी ढेर किया गया था।
नवभरत टाइम्स