48 घंटे में दूसरी बार आत्मघाती हमला, विस्फोटक से भरी ऑटों में धमाका
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा ऑटो रिक्शा उड़ा दिया। इस धमाके में दो पुलिसकर्मियों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और 35 घायल हुए। मुख्यमंत्री ने घटना की रिपोर्ट मांगी है और घायलों का इलाज जारी है।
14 मई, 2026 – इस्लामाबाद : पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम हिस्से में मंगलवार को एक बार फिर भीषण आत्मघाती हमला हुआ। मामले में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में एक हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी में धमाका कर दिया। इस घटना में दो सुरक्षा अधिकारियों सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 35 अन्य लोग घायल हुए हैं। पिछले 48 घंटे में यह पाकिस्तान में दूसरा बड़ा आत्मघाती हमला है।
क्या बोली पुलिस?
जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह धमाका नौरंग बाजार के फाटक चौक पर हुआ। यहां आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे अपने तीन पहिया ऑटो रिक्शा को उड़ा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, जान गंवाने वालों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शादाब खान ने जानकारी दी कि एम्बुलेंस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सराय नौरंग के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है और सभी मेडिकल स्टाफ को काम पर वापस बुला लिया गया है। कई घायलों की स्थिति बहुत नाजुक बनी हुई है। कुछ को बेहतर इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के बड़े अस्पतालों में भेजा गया है।
सीएम ने मांगा जवाब
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने इस हमले का संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक को निर्देश दिया है कि वे इस घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार कर पेश करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रांतीय सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हर तरह की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
48 घंटे पहले भी हुई थी घटना
इस घटना के ठीक 48 घंटे पहले पाकिस्तान के बन्नू जिले में भी एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ था। यहां एक आत्मघाती हमलावर ने बारूद से भरी अपनी गाड़ी को पुलिस चेकपोस्ट में दे मारी थी। इस धमाके में 15 पुलिसकर्मियों की जान चली गई और तीन अन्य जवान घायल हो गए थे।
अमर उजाला