फतेहगढ़ चूड़ियां-मजीठा रोड पर सनसनीखेज घटना
अमृतसर के पास ड्यूटी पर जाते समय पंजाब पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं और इस सीमावर्ती राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।
25 मई, 2026 – अमृतसर: पंजाब में नगर काउंसिल चुनावों से ठीक पहले बड़ी वारदात सामने आई है। यहां मजीठा क्षेत्र में हुई एक चौंकाने वाली घटना ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। पंजाब पुलिस के ASI जोगा सिंह की ड्यूटी पर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उन पर चार गोलियां चलाईं, जो सीधे उन्हें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अधिकारी की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है। वे गुरदासपुर जिले के घानिये के बांगर के रहने वाले प्यारा सिंह के बेटे थे। वे फिलहाल अमृतसर में ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह रोजाना की तरह सुबह करीब 5 बजे घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह मजीठा के पास फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर हमजा मोड़ के समीप पहुंचे, पीछे से आए दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके को घेर लिया गया और फॉरेंसिक टीम तथा तकनीकी विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मजीठा रोड पर पड़ा था शव
एसएसपी देहाती सोहेल मीर ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि मजीठा रोड पर ASI जोगा सिंह का शव पड़ा है। एसएचओ मजीठा मौके पर पहुंचे। शव का मुआयना किया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि हुई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। फॉरेंसिक और टेक्निकल टीम मौके पर काम कर रही है। जहां घटना हुई है, वह काफी व्यस्त रोड है। हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं, चाहे निजी रंजिश हो, रोडरेज हो या कोई अन्य कारण। हर पहलू पर गहन छानबीन की जा रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या किस वजह से हुई। क्या यह व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला था या फिर कोई संगठित साजिश। मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। इस घटना के बाद अमृतसर देहाती पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।
अफसोस है कि पंजाब में एक पुलिस अधिकारी की हत्या आज सुबह अमृतसर में हुई इससे पहले गुरदासपुर में 2 पुलिस अधिकारियों की हत्या हुई थी। लगातार वहां कानून व्यवस्था की स्थिति गड़बड़ है…अगर पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी कैसे सुरक्षित होगा।
आरपी सिंह, बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता
अकाली दल ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने इस घटना को पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर एक गंभीर आरोप बताया। एक बयान में, उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील भारत-पाक सीमा क्षेत्र में बार-बार होने वाले हमले कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से चरमरा जाने को दर्शाते हैं, और उन्होंने राज्य में पुलिस थानों तथा पुलिसकर्मियों, दोनों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
नवभारत टाइम्स