पंजाब पुलिस ने पटियाला में पावरकॉम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे 2600 अप्रेंटिसशिप यूनियन के युवाओं पर लाठीचार्ज किया।
06 जून, 2026 – पटियाला : पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को 2600 अप्रेंटिसशिप यूनियन के युवाओं पर लाठीचार्ज किया। पावरकॉम के मुख्य कार्यालय के बाहर गेट बंद कर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस ने खदेड़ दिया।
यूनियन का आरोप है कि पिछले कई दिनों से पावरकॉम मैनेजमेंट के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई सार्थक समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। मौके पर महिलाओं तक को डंडे मारते हुए पुलिस नजर आई।
पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
बता दें कि शेरांवाला गेट के नजदीक गुरुवार को भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को लात, थप्पड़ मारे गए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी इधर-उधर बिखर गए और प्रदर्शनकारी वापिस पावरकॉम के मुख्य गेट पर चले गए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी समय गहमा-गहमी रही। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पावरकॉम दफ्तर के आगे धरने पर बैठे आइटीआइ पास बेरोजगार नौजवान यूनियन से संबंधित प्रदर्शनकारियों ने दोपहर करीब दो बजे पावरकॉम के दफ्तर से लेकर शेरांवाला गेट बाजार की तरफ दफ्तर के पिछले गेट तक रोष मार्च निकाला था।
दैनिक जागरण
“नौकरी मांग रहे 2,600 ITI क्वालिफाइड अप्रेंटिसशिप युवाओं की बेरहमी से पिटाई भगवंत मान सरकार के बड़े-बड़े दावों की असलियत दिखाती है। अगर करोड़ों रुपये के होर्डिंग्स और प्रोपेगैंडा के ज़रिए यह दावा किया गया है कि सच में लाखों नौकरियां पैदा हुई हैं, तो पंजाब के पढ़े-लिखे युवा सड़कों पर विरोध में क्यों उतर रहे हैं? वादे किए गए, नौकरी के विज्ञापन बांटे गए, लेकिन जब युवाओं ने जवाबदेही मांगी, तो उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर के बजाय लाठीचार्ज मिला। पंजाब के युवा नौकरी और सम्मान के हकदार हैं, पुलिस की क्रूरता के नहीं।”