बलूच नेता मीर यार ने दिया खास संदेश
21 जून को दुनियाभर में योग दिवस मनाया गया है। पाकिस्तान में भी योग दिवस मना है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनियाभर के लोगों का आभार व्यक्त किया है।
22 जून, 2026 – इस्लामाबाद: दुनियाभर में 21 जून को योग दिवस मनाया गया है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भी योग दिवस पर उत्साह दिखा है। बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग देश बनाने के हामी बलूच नेता मीर यार ने एक वीडियो जारी करते हुए योग का संदेश दिया है। मीर ने कहा है कि बलूचिस्तान गणराज्य की ओर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर संदेश औकर बधाई देते हैं। मीर हर साल योग दिवस पर मैसेज जारी करते हैं।
मीर ने लिखा है, ‘बलूचिस्तान गणराज्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुनिया भर के लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता है। हम इस सदाबहार अभ्यास को मनाने में वैश्विक समुदाय के साथ शामिल हैं, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सामंजस्य और आध्यात्मिक संतुलन को बढ़ावा देता है।’
योग बढ़ाता है अनुशासन
मीर ने आगे कहा कि योग मानवता के लिए एक सार्वभौमिक उपहार है, जो सीमाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से परे है। इसे तनाव कम करने, अनुशासन बढ़ाने और संतुलित जीवन शैली को प्रोत्साहित करने के लिए मान्यता प्राप्त है। तेजी से भागती दुनिया मे योग शरीर और मन के बीच एक सेतु का काम करता है और लोगों के बीच शांति और समझ में योगदान देता है।
मीर ने बलूचिस्तान में योग की लोकप्रियता बढ़ने की बात कही है। उन्होंने कहा, ‘बलूचिस्तान गणराज्य में योग को समाज के सभी वर्गों में स्वीकार्यता और मान्यता मिली है। जीवन के हर क्षेत्र के लोग- छात्र, पेशेवर, महिलाएं, बुजुर्ग, एथलीट और समुदाय के सदस्य योग गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और इसके लाभों को अपना रहे हैं।’
बलूच अपना रहे योग
स्वतंत्र बलूचिस्तान ने स्वस्थ जीवन और सामाजिक कल्याण के एक महत्वपूर्ण पहलू के रूप में योग को शामिल किया है। बलूच और पश्तून दोनों समुदाय योग का अभ्यास और सराहना कर रहे हैं। यह स्वास्थ्य, जागरूकता और एक सामंजस्यपूर्ण समाज के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि योग की बढ़ती लोकप्रियता ज्ञान और उन प्रथाओं के प्रति बलूच समाज के खुलेपन का प्रतीक है, जो मानव कल्याण और सामूहिक समृद्धि में योगदान करते हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बलूचिस्तान गणराज्य सभी देशों और लोगों को अपनी शुभकामनाएं देता है।
मीर यार कौन हैं
बलूच लीडर मीर यार सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है। वह पाकिस्तान से बलूचिस्तान की आजादी की बात करते हैं। वह संयुक्त राष्ट्र से बलूचिस्तान को अलग मुल्क के तौर पर पहचान देने के लिए बैठक बुलाने की अपील कर चुके हैं। मीर ने भारत से भी कई मौकों पर बलूचों के लिए समर्थन मांगा है।
मीर यार बलोच एक लेखक, स्वतंत्र पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता है, जो आजाद बलूचिस्तान आंदोलन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह पाकिस्तानी आर्मी और सरकार पर आक्रामक रहे हैं जबकि भारत के लिए उनका रुख नरम है। हालांकि वह जमीन से ज्यादा सोशल मीडिया पर ही दिखते हैं।
नवभारत टाइम्स