29 जून, 2026 – नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील करते हुए कहा है कि छोटी सी राशि से भी परिवार को बड़ी सुरक्षा मिल सकती है और ये योजनाएं लाखों परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान किया है।
‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी में बोले पीएम मोदी
मोदी ने रविवार को आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम‘मन की बात’की 135वीं कड़ी में कहा कि हमारे देश में जन्मदिन और शादी-ब्याह जैसे पारिवारिक कार्यक्रम केवल परिवार तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरे समाज का भी उत्सव होते हैं। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव के पेठकर परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने (पेठकर परिवार) अपने घर में विवाह के अवसर पर गांव के लगभग साढ़े तीन हजार लोगों के लिए एक-एक लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की व्यवस्था कर समाज में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कठिन समय में आर्थिक सहारा
उन्होंने कहा कि इस पहल के पीछे जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहारा देने की भावना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार भी प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों तक सुरक्षा का कवच पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। अब तक 58 करोड़ से अधिक लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिनमें करीब 28 करोड़ महिलाएं हैं।
मृत्तु होने पर दो लाख रुपये का बीमा कवर
योजना के तहत अब तक पीड़ति परिवारों को 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसके तहत 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके परिवार को दो लाख रुपये का बीमा कवर मिलता है। अब तक 27 करोड़ से अधिक लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं तथा करीब 11 लाख परिवारों को लगभग 22 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के पीछे लाखों परिवारों के जीवन की सच्ची कहानियां हैं। कहीं किसी मां को बच्चों की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिली तो कहीं किसी परिवार को कठिन समय में आर्थिक सहारा मिला। उन्होंने कहा कि बहुत बड़ी सुरक्षा की शुरुआत कई बार बहुत छोटी राशि और एक छोटे-से कदम से होती है। इसलिए प्रत्येक परिवार को इन दोनों बीमा योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए और उनसे जुड़ना चाहिए।
मन की बात में PM मोदी ने की आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की उपलब्धियों की सराहना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में निर्मित सी-295 विमान की पहली उड़ान का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में देश की कई उपलब्धियों को रविवार को रेखांकित करते हुए कहा कि इस विमान से देश की वैमानिकी निर्माण क्षमताओं को बढ़ावा मिलेगा। मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि देश ने जून में विमानन क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि सी-295 विमान भारत में बनाया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”ऐसे 40 विमान यहीं भारत में बनाए जा रहे हैं और इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा वैमानिकी क्षेत्र को नयी मजबूती मिल रही है।” उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। भारत में निर्मित पहले सी-295 सैन्य परिवहन विमान ने 10 जून को सफलतापूर्वक अपनी पहली उड़ान पूरी की थी। भारतीय वायुसेना करीब 21,935 करोड़ रुपये की लागत से 56 सी-295 परिवहन विमान खरीद रही है। इनमें से 40 विमानों को ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड’ द्वारा एयरबस के सहयोग से वडोदरा स्थित निर्माण केंद्र में तैयार किया जाएगा।
मोदी ने कहा कि जून में देश ने कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल कीं जो हर नागरिक को गर्व से भर देती हैं। उन्होंने कहा, ”हाल में मुझे कोलकाता में नौसेना से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने का अवसर मिला। वहां आईएनएस दूनागिरि, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया। इन पोतों के डिजाइन से लेकर निर्माण तक सब कुछ स्वदेशी है।”
प्रधानमंत्री ने 21 जून को मनाए गए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में 2,500 से अधिक स्थानों पर विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें करोड़ों लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में आयोजित ‘विश्व योगासन चैंपियनशिप’ की भी काफी चर्चा रही जिसमें भारत ने 102 स्वर्ण पदक सहित कुल 114 पदक जीते और पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
पंजाब केसरी