सात पिस्तौल; ग्राफर गन और 89 कारतूस जब्त
तरनतारन सीमा पर BSF ने तीन ड्रोनों से भेजी हथियारों की खेप बरामद की। सात विदेशी पिस्तौल, एक ग्राफर गन, 89 कारतूस जब्त। एक स्मगलर गिरफ्तार।
06 अगस्त, 2026 – तरनतारन : देश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और पंजाब में विधानसभा चुनावों को लेकर पाकिस्तान ने यहां दहशत फैलाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों के संरक्षक व नशा तस्कर आए दिन हथियारों की खेप भेज रहे हैं, इसी शृंखला में बीती रात तरनतारन सीमा पर सीमा सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।
तीन ड्रोनों से भेजे हथियार
बीती रात पाकिस्तान की तरफ से भारतीय इलाके में तीन ड्रोन भेजे गए। BSF ने इन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए। दूसरी ओर पुलिस ने मौके पर ही एक स्मगलर को पकड़ लिया। खालडा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मंगली पोस्ट पर देखी ड्रोनों की गतिविधियां
भारत-पाक सीमा के खालड़ा सेक्टर में तैनात BSF की 142वीं बटालियन के जवानों ने रात को बीओपी मंगली पोस्ट पर ड्रोन की मूवमेंट महसूस की। BSF के जवानों ने देखा कि पाकिस्तान की तरफ से लगातार तीन ड्रोन एक ही तरफ आ रहे हैं। जिसके चलते BSF के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की, जिसके बाद ड्रोन गायब हो गए। मौके पर अधिकारियों ने सर्च अभियान चलाया, जिसमें एक स्मगलर को पुलिस ने पकड़ लिया, जिसकी पहचान मंजीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव वान, जिला तरनतारन के रूप में हुई।
सात पिस्तौलें, एक ग्राफर गन व 89 कारतूस मिले
तरनतारन जिले के एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान सात विदेशी पिस्टल के अलावा एक ग्राफर सिक्योरिटी गन, 89 कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए। उन्होंने बताया कि हथियारों की यह खेप तस्करों ने पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संपर्क करके मंगवाई थी। इस संबंध में खालड़ा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। एसएसपी ने बताया कि तीन ड्रोन के जरिए तस्करी करके लाई गई हथियारों की खेप की बरामदगी BSF की बड़ी कामयाबी है।
पांचजन्य