PM मोदी बोले- जलवायु चुनौतियों का समाधान दे रहा भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का मोबाइल ऐप लॉन्च किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए भारत की पहल का जिक्र किया।
21 सितंबर, 2026 – नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली में ‘पर्यावरण और जलवायु गतिशीलता का भविष्य’ विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) का मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और कार्बन उत्सर्जन को लेकर भारत की उपलब्धियों और पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सदियों से भारत ने प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े मामलों में दुनिया का मार्गदर्शन किया है और अब आधुनिक जलवायु चुनौतियों के समाधान के साथ सामूहिक वैश्विक कार्रवाई का आह्वान कर रहा है।
पर्यावरण के क्षेत्र में भारत ने दुनिया का मार्गदर्शन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सदियों से भारत ने प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े मामलों में दुनिया का मार्गदर्शन किया है। इसी वैचारिक प्रतिबद्धता और अपने सांस्कृतिक अनुभवों के आधार पर भारत अब जलवायु से जुड़ी आधुनिक चुनौतियों का समाधान पेश कर रहा है।उन्होंने कहा कि भारत इसके साथ ही पूरी दुनिया से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान भी कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण का यह सम्मेलन इसी मिशन को आगे बढ़ा रहा है।
- प्रधानमंत्री ने भारत में सौर ऊर्जा के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल पहले देश की सौर ऊर्जा क्षमता केवल 2 गीगावाट थी, जो आज 160 गीगावाट को पार कर चुकी है।
- उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सरकार ने घरों को सौर ऊर्जा उत्पादन केंद्रों में बदलने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 50 लाख से अधिक घरों में छत पर सौर पैनल लगाए जा चुके हैं।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संख्या कई देशों में मौजूद कुल घरों की संख्या से भी अधिक है। उन्होंने बताया कि सरकार ने ऐसे प्रत्येक परिवार को करीब 80 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी है।
नवीकरणीय ऊर्जा पर भारत का जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जी-20 में भारत एकमात्र ऐसा देश है, जिसने पेरिस समझौते के तहत तय प्रतिबद्धताओं को निर्धारित समय से काफी पहले पूरा कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर-जीवाश्म ईंधन, सौर ऊर्जा क्षमता और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे क्षेत्रों में भारत के प्रदर्शन की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। उन्होंने इसे नए भारत की शक्ति बताया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए कई वैश्विक पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के अन्य देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है और पर्यावरण संरक्षण के लिए नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने एक सूर्य, एक विश्व, एक ग्रिड, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन, वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन, अंतरराष्ट्रीय बिग कैट गठबंधन और मिशन लाइफ जैसी पहलों का उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि ये सभी मंच पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
- कार्बन उत्सर्जन की जिम्मेदारी को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय से विकासशील देशों पर इसका जिम्मा गलत तरीके से डाला जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता यह है कि भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन आज भी वैश्विक औसत के आधे से भी कम है।
- पीएम मोदी ने कहा कि विकसित देशों में प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन हर भारतीय की तुलना में छह गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि भारत इस तथ्य को हर वैश्विक मंच पर मजबूती से सामने रख रहा है।
नवभारत टाइम्स