‘ईरान ले रहा बदला’
Iran Pakistan Ship Attack: होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे LNG जहाज पर शुक्रवार को हमला किया गया जिसके बाद ये जहाज वापस फारस की खाड़ी की तरफ मुड़ गया। ये जहाज कतर से पाकिस्तान की तरफ जा रहा था। कमर चीमा ने कहा है कि ईरान बॉर्डर बंद करने के लिए पाकिस्तान को सजा देना चाहता है।
05 नवंबर, 2026 – इस्लामाबाद: होर्मुज स्ट्रेट के पास कतर से आ रहे एक LNG कार्गो जहाज पर हमला किया गया है। ब्लूमबर्ग ने बताया है कि ये जहाज पाकिस्तान जा रहा था और पाकिस्तानी सरकार इस जहाज के सुरक्षित निकलने को लेकर ईरानी हुकूमत से बात कर रही थी। इस जहाज पर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगा था और ये जहाज कतर से लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) लेकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा था उसी दौरान इसपर हमला किया गया। ब्लूमबर्ग ने ये भी बताया है कि हमले से कुछ घंटे पहले ईरान के अधिकारियों ने इस जहाज को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की मंजूरी दी थी फिर भी हमला किया गया।
शिप-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि हमले के बाद ये जहाज वापस मुड़ गया और फारस की खाड़ी की तरफ लौट गया। वहीं ‘नकीलात’ के नाम से जानी जाने वाली ‘कतर गैस ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड’ ने रविवार को जानकारी दी है कि जहाज अभी भी चलने की स्थिति में है और फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पाकिस्तानी एक्सपर्ट ने ईरान पर साधा निशाना
पाकिस्तान के जियो पॉलिटिकल एक्सपर्ट कमर चीमा ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस हमले के पीछे ईरान का हाथ होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा ‘जो भी हो जैसे भी हो ईरान होर्मुज स्ट्रेट पर अपना कंट्रोल बनाए रखना चाहता है।’ उन्होंने पूछा ‘ईरान को पता है कि कतर से गैस लेकर ये जहाज पाकिस्तान जा रहा है और ईरान ये बात जानता है फिर भी ईरान ने इस जहाज पर क्यों हमला किया है?’ उन्होंने पूछा ‘इस्लामाबाद बातचीत के दौरान भी ईरान ने कतर से आ रहे जहाज पर हमला किया था। इसका मतलब है कि ईरान को अपने करीबी दोस्तों से भी कोई मतलब नहीं है।’
कमर चीमा ने कहा ‘ईरान सार्वजनिक तौर पर पाकिस्तान को शुक्रिया कहता है। पाकिस्तान ने ईरान के साथ अपनी सीमा को बंद कर रखा है और शायद ईरान ने ये सोचा होगा कि पाकिस्तान ने बॉर्डर बंद कर रखा है तो ईरानियों ने सोचा होगा कि क्यों ना फिर LPG कार्गो को हिट करें। जबकि इसमें 6 भारतीय भी सवार थे। हमले के बाद जहाज वापस मुड़ गया। तो नुकसान सीधा पाकिस्तान का है। अब क्या होगा तो पाकिस्तानी लीडरशिप ईरान को कॉल करेगा तो ईरान को कोई परवाह नहीं है इन बातों का। ईरान असल में पाकिस्तान से बॉर्डर बंद करने का बदला ले रहा है।’
पाकिस्तान के पास अब क्या विकल्प हैं?
कमर चीमा ने अपने यूट्यूब चैनल पर सवाल उठाया है कि अगर ईरान पाकिस्तान आने वाले जहाजों पर हमला करता है तो फिर इस्लामाबाद के पास क्या विकल्प हैं? पाकिस्तान लड़ने की स्थिति में तो नहीं है। उन्होंने कहा ‘पाकिस्तान ना लड़ने की स्थिति में है और लड़ना भी नहीं है। लेकिन ये बाद ईरानियों को समझनी चाहिए कि वो हर एक से लड़ाई क्यों कर रहे हैं? उन्हें ये समझना चाहिए कि जब युद्ध शुरू हुआ तो पाकिस्तान ही वो देश था जिसने आपकी (ईरान) की मदद की। ये सही बात नहीं है।’
नवभारत टाइम्स