पाकिस्तान जिन्ना के नाम पर बने नेवल बेस को कर रहा अपग्रेड
Pakistan Ormara Naval Base: पाकिस्तान की नौसेना को हमेशा ही डर सताता रहता है कि ब्रह्मोस से लैस भारतीय नौसेना उसके कराची नेवल बेस को उड़ा सकती है। इसी वजह से पाकिस्तानी नौसेना अब बहुत तेजी से अपने जिन्ना नेवल बेस को अपग्रेड कर रही है।
11 नवंबर, 2026 – कराची: भारतीय नौसेना के डर से पाकिस्तान ग्वादर और कराची के बीच में एक नया नौसैनिक अड्डा बना रहा है। इसे जिन्ना नेवल बेस कहा जाता है और अब उसका नाम बदलकर ओरमारा नेवल बेस कहा जाता है। इस नेवल बेस को मकरान तट पर बनाया जा रहा है। पाकिस्तानी नौसेना को डर है कि भारत उसके कराची बेस को ब्रह्मोस दागकर उड़ा सकता है। इसी वजह से अब पाकिस्तानी नौसेना कराची से अलग भारत से ज्यादा दूरी पर यह ओरमारा नेवल बेस बना रही है। इस नेवल बेस पर पाकिस्तानी युद्धपोत और सबमरीन रुक सकेंगी। यह नेवल बेस पश्चिमी इलाके में सुरक्षा मुहैया कराएगा।
रक्षा विश्लेषक जयदेव जामवाल की रिपोर्ट के मुताबिक ओरमारा नेवल बेस पाकिस्तान का पहला पोर्ट है जिसे केवल रक्षा के लिए बनाया गया है। इस पोर्ट पर 8 युद्धपोत और 4 सबमरीन को खड़ा किया जा सकता है। इसे भविष्य में और ज्यादा विस्तार किया जा सकता है। यहां पर तीन स्टोरेज बंकर बनाए गए हैं जो युद्ध के दौरान हथियारों की सप्लाई के लिए हैं। माना जा रहा है कि इसें मिसाइल और अन्य गोला बारुद को रखा गया है। इसके अलावा यहां पर कई सुरंगे भी बनाई जा रही हैं। यहां पर पाकिस्तानी सेना ने YLC-18A रडार को भी तैनात किया है।
पाकिस्तानी नौसेना को भारत को लेकर चेतावनी
असल में पाकिस्तान नेवी के थिंक टैंक NIMA ने चेतावनी दी थी कि भारत की सैन्य ताकत जिस तरह से बढ़ रही है, वह कराची, ओरमारा और पसनी नेवल पोर्ट पर अचानक से हमला कर सकता है। इससे युद्ध के दौरान पाकिस्तान का पूरा नौसैनिक डिफेंस ही ढह जाएगा। पाकिस्तानी थिंक टैंक ने कहा कि भारत की कोशिश होगी कि पाकिस्तान की समुद्री ताकत को युद्ध शुरू होते ही सटीक हमला करके नष्ट कर दिया जाए। इस अध्ययन में कहा गया है कि भारत की रणनीति होगी कि पाकिस्तानी नौसेना के ढांचे को तबाह करना और अरब सागर में अभियान चलाने की क्षमता को कम करना होगा।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत चाहेगा कि जिन्ना नेवल बेस को भी पहल ही हमले में निशाना बनाया जाए जहां पर सबमरीन और युद्धपोत तैनात रहते हैं। ये पाकिस्तान के पश्चिमी मेरीटाइम डिफेंस के लिए जरूरी हैं। पाकिस्तानी थिंक टैंक ने कहा कि भारत की कोशिश होगी कि कराची पोर्ट को भी तबाह किया जाए जो पाकिस्तानी नौसेना की जान है। भारत ने साल 1971 के युद्ध के दौरान कराची पोर्ट पर हमला किया था। इसके अलावा भारत पीएनएस मकरान को भी निशाना बना सकती है जो पसनी में है। पाकिस्तान ने पसनी में अमेरिकी नेवल बेस के लिए भी ऑफर किया है।
भारत बना रहा 800 किमी वाली ब्रह्मोस मिसाइल
पाकिस्तानी नौसेना के थिंक टैंक ने साल 2015 की अपनी रिपोर्ट में कहा था कि भारतीय एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप, लंबी दूरी तक निगरानी करने वाले विमान और सटीक हमला करने वाले हथियार भीषण तबाही मचा सकते हैं। उसने कहा कि भारत अपने युद्धपोतों की संख्या को 160 से ज्यादा करने जा रहा है। वहीं पाकिस्तानी नौसेना जिन्ना नेवल बेस के जरिए इसे संतुलित करने की कोशिश कर रही है जो कराची से दूर है। बता दें कि पाकिस्तान का यह दांव भी फेल होने जा रहा है क्योंकि भारत 800 किमी तक मार करने वाली ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है। माना जा रहा है कि यह 800 किमी वाली ब्रह्मोस मिसाइल साल 2027-28 में शामिल कर लिया जाएगा। इससे पूरे अरब सागर में जंग का नक्शा ही बदल जाएगा।
नवभारत टाइम्स