भारत में क्या कोई विदेशी मूल का व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है?
US Midterm Elections Results: अमेरिका में हाल ही संपन्न हुए मिडटर्म इलेक्शन में भारतीय मूल के 30 उम्मीदवार जीते हैं। सवाल है कि अमेरिका में विदेशी मूल के उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं, क्या भारत में विदेशी मूल का कोई कैंडिडेट चुनाव लड़ सकता है?
11 नवंबर, 2026 – नई दिल्लीः केरल के तिरुवनंतपुरम से ताल्लुक रखने वाली नित्या रमन लॉस एंजिलिस की मेयर चुनी गई हैं। अमेरिका में हाल ही संपन्न हुए मिडटर्म इलेक्शन में वह चुनाव जीतने में सफल रहीं। जोहरान ममदानी इस साल जनवरी में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुने गए थे। अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन में भारतीय मूल के 57 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई जिनमें 30 ने जीत हासिल की। सवाल है कि अमेरिकी चुनाव में विदेशी मूल के उम्मीदवार चुनाव लड़ और जीत सकते हैं, तो क्या भारत में भी विदेशी मूल का कोई नागरिक चुनाव लड़ सकता है?
भारत में चुनाव लड़ने की शर्त क्या है?
भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक भारत में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, सांसद (लोकसभा/राज्यसभा), विधायक (विधानसभा/विधानपरिषद) या स्थानीय निकायों (पंचायत/नगरपालिका) का चुनाव लड़ने के लिए भारत का नागरिक होना पहली शर्त है। यदि किसी व्यक्ति के पास किसी अन्य देश की नागरिकता है, तो वह भारत में न तो वोट डाल सकता है और न ही चुनाव लड़ सकता है।
चुनाव लड़ने की योग्यता पर भारत का संविधान क्या कहता है?
- भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय संविधान के अनुच्छेद 84(क) (संसद के लिए) और 173(क) (राज्य विधानमंडलों के लिए) के साथ-साथ ‘जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951’ के तहत, चुनाव लड़ने के लिए किसी व्यक्ति का भारत का नागरिक होना जरूरी है।
- मतलब साफ है कि जिसके पास भी इस समय विदेशी नागरिकता है, वह भारत में चुनाव लड़ने या मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए पूरी तरह से अयोग्य है।
- भारतीय संविधान के अनुच्छेद 84(क) में यह परिकल्पित है कि कोई व्यक्ति सांसद चुने जाने के लिए तब तक पात्र नहीं होगा जब तक कि वह भारत का नागरिक न हो। संविधान के अनुच्छेद 173(क) में राज्य विधान सभाओं के लिए इसी प्रकार का प्रावधान है।
…तो फिर सोनिया गांधी सांसद कैसे बनीं?
इस सवाल का जवाब है नेचुरलाइजेशन यानी प्राकृतिक रूप से नागरिकता हासिल करना। उसकी अपनी अलग प्रक्रिया है। भारत के संविधान के अनुसार, यदि कोई विदेशी नागरिक कानूनी प्रक्रिया के जरिये भारत की नागरिकता प्राप्त कर लेता है, तो वह चुनाव लड़ने का हकदार हो जाता है। सोनिया गांधी को भारतीय नागरिकता मिली हुई और इस तरह वह चुनाव लड़ती हैं।
विदेशी नागरिकता वाले भारतीय मूल के लोग चुनाव नहीं लड़ सकते
अमेरिका जैसे देशों में राष्ट्रपति बनने के लिए वहां जन्म लेना अनिवार्य है। वहीं भारत में प्राकृतिक रूप से नागरिक बने व्यक्ति को भी चुनाव लड़ने का समान अधिकार प्राप्त है। हालांकि विदेशी नागरिकता वाले भारतीय मूल के लोग (OCI कार्ड होल्डर) भी भारत में चुनाव नहीं लड़ सकते और न ही वोट डाल सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहले अपनी विदेशी नागरिकता छोड़कर भारतीय नागरिकता लेनी होगी।
नवभारत टाइम्स