‘मानवता की पहल’ और वैश्विक सहयोग पर मंथन
10 फरवरी, 2026 – नई दिल्ली : नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों की पहली शेरपा और सूस-शेरपा बैठक शुरू हुई, जिसमें भारत ने अपनी अध्यक्षता की प्राथमिकताएं रखीं। बैठक का फोकस लोगों को केंद्र में रखने, मानवता की पहल के दृष्टिकोण और लचीलापन, नवाचार, सहयोग व सतत विकास पर है। इसमें पहली बार पार्टनर देश बेलारूस ने भी भाग लिया।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में ब्रिक्स देशों की पहली शेरपा और सूस-शेरपा बैठक शुरू हुई। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी। इस बैठक में भारत की ओर से विदेश मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव और ब्रिक्स शेरपा सुधाकर डलेला ने भारत की अध्यक्षता की प्रमुख प्राथमिकताओं को सामने रखा। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के लोगों को केंद्र में रखने और मानवता पहल के विजन पर आधारित होकर भारत ब्रिक्स को आगे बढ़ाना चाहता है।
भारत की इस बैठक की अध्यक्षता कर रहा है। इसका मुख्य विषय है, लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण। इस बैठक में पहली बार ब्रिक्स के पार्टनर देश के रूप में बेलारूस ने भी भाग लिया। भारत में बेलारूस के राजदूत एम. कास्को इस बैठक में अपने देश के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने आयोजकों का धन्यवाद किया और कहा कि इससे पहल पार्टनर देशों को ऐसी बैठकों में भाग लेने का मौका नहीं मिला था।
बेलारूस के राष्ट्रपति ने साझा किया राष्ट्रपति का संदेश
बेलारूस के राजदूत ने अपने राष्ट्रपति का संदेश भी साझा किया। संदेश में कहा गया कि भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स का आने वाला साल नई उपलब्धियों और सफलताओं से भरा होगा, जिससे यह संगठन दुनिया के सबसे प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय मंचों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। बेलारूस ने कहा कि वह वैश्विक समुदाय का एक जिम्मेदार सदस्य है और उसके पास तकनीक, खाद्य सुरक्षा और जल सुरक्षा के क्षेत्र में अच्छी उपलब्धियां हैं।
वह इन अनुभवों को ब्रिक्स देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है, ताकि सभी देशों का संतुलित विकास हो सके। इसके साथ ही बेलारूस ने न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) में शामिल होने में भी रुचि जताई। इससे ब्रिक्स के सदस्य और पार्टनर देशों की आर्थिक क्षमता को और बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जा सकेगा।
अब ब्रिक्स को समझिए
गौरतलब है कि वर्तमान में ब्रिक्स में दुनिया के 11 प्रमुख उभरते और विकासशील देश ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल है। ब्रिक्स वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर बातचीत और सहयोग का एक अहम मंच है। यह संगठन अंतरराष्ट्रीय राजनीति और वैश्विक आर्थिक व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अमर उजाला