PM मोदी के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 8,931 दिन पूरे किए।
23 मार्च, 2026 – नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों पदों को मिलाकर वे भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
CM और PM मिलाकर बनाया रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी ने कुल 8931 दिन तक सरकार के प्रमुख के रूप में काम किया है। इसके साथ ही उन्होंने पवन कुमार चामलिंग के 8930 दिनों के रिकॉर्ड को पार कर लिया। पीएम मोदी पहले ही गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता रह चुके हैं। साथ ही वे ऐसे प्रधानमंत्री भी हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के रूप में सबसे ज्यादा अनुभव है।
पीएम मोदी के बारे में गौर करने वाली बात
- गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री।
- मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबे अनुभव वाले प्रधानमंत्री।
- स्वतंत्रता के बाद जन्मे पहले प्रधानमंत्री।
- लगातार तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) के विजेता।
नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर को हुआ था। बचपन में ही वे महागुजरात आंदोलन से जुड़े और बाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ काम करने लगे। 7 अक्टूबर 2001 को वे पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2002, 2007 और 2012 में भी वे मुख्यमंत्री चुने गए।
अपने राजनीतिक करियर के 24 सालों में से उन्होंने करीब 14 साल गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और पिछले 11 साल से प्रधानमंत्री के रूप में काम किया है। यह उनका तीसरा कार्यकाल है।
प्रधानमंत्री के रूप में भी बड़ा रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे नेता हैं। वे इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं, जिनका कार्यकाल 4077 दिन का था। 22 मार्च 2026 तक मोदी 4318 दिन प्रधानमंत्री के रूप में पूरे कर चुके हैं।
हालांकि सबसे लंबा लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अभी भी जवाहरलाल नेहरू के नाम है, जो 6126 दिन तक इस पद पर रहे। मोदी को यह रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 2029 के बाद भी प्रधानमंत्री बने रहना होगा।
पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड
पवन कुमार चामलिंग भारत के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता रहे हैं। उनका कार्यकाल 12 दिसंबर 1994 से 26 मई 2019 तक रहा, जो करीब 24 साल से अधिक है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा था। अपने कार्यकाल में चामलिंग ने सिक्किम को 100 प्रतिशत ऑर्गेनिक राज्य बनाया और शिक्षा, स्वास्थ्य व बुनियादी ढांचे में सुधार किया।
अमित शाह ने क्या कहा?
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “सेवा, कड़ी मेहनत और अटूट समर्पण पर आधारित एक मील का पत्थर। आज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए, भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने का कीर्तिमान स्थापित किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 8,931 दिन- पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब प्रधानमंत्री के तौर पर-‘राष्ट्र-सर्वोपरि’ शासन, कार्यों में शुचिता और प्रत्येक नागरिक की निस्वार्थ सेवा के प्रति उनके गहरे समर्पण को दर्शाते हैं। अभूतपूर्व विश्वास और बेमिसाल सेवा पर निर्मित एक अद्वितीय विरासत।”
‘मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदला’
अमित शाह ने यह भी कहा, “मोदी जी की दशकों की सेवा ने अपने आप में एक युग का निर्माण किया है। चाहे वह गरीबों को उनके अधिकार दिलाना हो, विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करना हो या वैश्विक मंचों पर राष्ट्र का गौरव बढ़ाना हो। मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदल दिया है।”
गृह मंत्री ने कहा, “इस नए भारत को गढ़ने के लिए जीवन भर के प्रयास की जरूरत थी और पीएम नरेंद्र मोदी ने वह प्रयास किया। 24 साल से भी ज्यादा समय तक बिना एक भी छुट्टी लिए देश और उसके लोगों की सेवा करना, उनके अटूट समर्पण का ही प्रमाण है।
इसी वजह से उन्हें लोगों से इतना अभूतपूर्व स्नेह मिला। तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और तीन बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर। लोगों का उन पर भरोसा, स्नेह और समर्थन, हर गुजरते दिन के साथ और भी बढ़ता गया है।”
दैनिक जागरण