घसीटते हुए गली में ले जाकर नोचा, चिल्लाता रहा मासूम
06 मार्च, 2026 – गुरदासपुर (पंजाब) : पंजाब के गुरदासपुर में खूंखार आवारा कुत्तों ने दो साल के बच्चे को नोचकर मार डाला। बच्चे की मौत के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। कुत्ते बच्चे को घर के गेट से खींचकर गली में ले गए थे।
गुरदासपुर में दर्दनाक घटना हुई है। यहां दो साल के मासूम को आवारा कुत्तों ने नोच डाला, जिससे बच्चे की मौत हो गई। धारीवाल के शाह पंप के नजदीक रहने वाले मजदूर परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब आवारा खूंखार कुत्तों के हमले में उनके दो साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान स्माइल (2) पुत्र इंदरास के रूप में हुई है। बच्चा अपने घर के बाहर गली में खेल रहा था।
घटना उस समय हुई जब बच्चा घर के बाहर खेल रहा था और उसकी मां अंदर चाय बना रही थी। इसी दौरान गली में घूम रहे आवारा कुत्तों ने गेट के अंदर से ही बच्चे को दबोच लिया और उसे घसीटते हुए बुरी तरह काटना शुरू कर दिया। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाने की कोशिश की।
इलाका निवासी बलबीर सिंह ने बताया कि लोगों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक बच्चा बुरी तरह घायल हो चुका था और उसकी हालत काफी गंभीर हो गई थी। उसे इलाज के लिए धारीवाल के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिविल अस्पताल गुरदासपुर रेफर कर दिया।
सिविल अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गौरतलब है कि स्माइल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पहले भी कुत्तों के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन और नगर कौंसिल से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़कर उन पर सख्त नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।
अमर उजाला