भारत की तरह दी दलील
Abdul El-Sayed: अमेरिका के नये मुस्लिम सीनेटर अब्दुल अल-सैयद ने इजरायल को फंड रोकने के सवाल पर कहा है कि सिर्फ इजरायल ही नहीं बल्कि पाकिस्तान, मिस्र और जॉर्डन जैसे देशों को भी अमेरिकी फंड मिलने पर रोक लगनी चाहिए क्योंकि ये देश अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हैं।
11 नवंबर, 2026 – वॉशिंगटन: अब्दुल अल-सैयद, जो 3 नवंबर को अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव में सीनेटर चुने गये हैं उन्होंने एक इंटरव्यू में इजरायल की तरह पाकिस्तान, मिस्र और जॉर्डन को मिलने वाली आर्थिक मदद रोकने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ये देश अमेरिकी फंड का इस्तेमाल अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने के लिए करते हैं। आपको बता दें कि अब्दुल डेमोक्रेटिक मार्टी से हैं और मिशिगन से सीनेटर चुने गये हैं और उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के माइक रोजर्स को हराया है।
अब्दुल अल-सैयद ने इंटरव्यू में कहा कि अमेरिकी टैक्सपेयर्स के पैसों का इस्तेमाल उन देशों की मदद के लिए नहीं किया जाना चाहिए जिनपर अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने का आरोप है। उन्होंने एबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका को ये तय करना चाहिए कि उसके अपने कदम अंतर्राष्ट्रीय कानून के मुताबिक हों और यह मुद्दा सिर्फ इजरायल तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने इंटरव्यू में कहा ‘हम यह कैसे सुनिश्चित करें कि हम अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रति खुद को जवाबदेह ठहराएं? और बात सिर्फ इजरायल की नहीं है। मिस्र के मामले में भी मेरा यही मानना है जहां से मेरा परिवार आकर बसा था। पाकिस्तान और जॉर्डन के मामले में भी मेरा यही नजरिया है। मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय कानून को लागू करने के मामले में हमें सबसे आगे रहना चाहिए।’
भारत की तरह ही अब्दुल अल-सैयद ने दी दलील!
अब्दुल अल-सैयद ने पाकिस्तान पर अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन का आरोप लगाया है जो मांग भारत वर्षों से करता रहा है। वहीं अब्दुल अल-सैयद की ये ताजा टिप्पणी उस वक्त आई है जब भारत ने इस्लामाबाद को दी जाने वाली वित्तीय सहायता का विरोध किया है। भारत ने चिंता जताई है कि आईएमएफ और वर्ल्ड बैंक जैसे अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं से पाकिस्तान को जो फंड मिलता है उसका इस्तेमाल वो राज्य प्रायोजित आतंकवाद को बढ़ावा देने और सैन्य गतिविधियों के लिए करता है।
भारत का कहना रहा है कि अंतर्राष्ट्रीय फंड अप्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए नहीं मिलना चाहिए औऱ ना ही ऐसे देशों को आर्थिक मदद मिलनी चाहिए जो अपने अंतर्राष्ट्रीय वादों को पूरा करने में नाकाम रहे हैं।
नई दिल्ली ने पाकिस्तान को विश्व बैंक से मिलने वाली अतिरिक्त फंडिंग पर भी चिंता जताई है। भारत ने इसके लिए फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) जैसे प्लेटफॉर्म पर पाकिस्तान के रिकॉर्ड का हवाला दिया है।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने पाकिस्तान के लिए 1 अरब डॉलर की वित्तीय पैकज जारी किया है और इसपर वोटिंग से भारत ने दूरी बनाए रखी लेकिन फिर भी आईएमएफ से पाकिस्तान को एक अरब डॉलर का फंड मिला।
पाकिस्तान को बताया ‘रेंटियर स्टेट’
अब्दुल अल-सैयद ने बताया कि पाकिस्तान को इजरायल और मिस्र जैसे देशों की तरह ही अमेरिका से मदद मिलती है लेकिन असल में पाकिस्तान एक ऐसा ‘रेंटियर स्टेट’ यानि दूसरों की मदद पर निर्भर देश है जो एक उपनिवेश की तरह काम करता है। अब तो इसकी हालत ऐसी भी नहीं रह गई है कि इसे कोई वास्तविक मदद मिल सके। इसके बजाय यह देश अमेरिका समर्थित संस्थाओं के कर्जों में बुरी तरह फंसा हुआ है जिसका बोझ सिर्फ आम जनता पर पड़ता है।
उन्होंने कहा इन कर्जों का इस्तेमाल मुख्य रूप से सरकारी खर्चों को पूरा करने और पाकिस्तानी सेना के हितों को साधने के लिए किया जाता है। वहीं दिखावे के लिए कुछ ऐसे कार्यक्रम चलाए जाते हैं जिनसे ऐसा लगे कि आम नागरिकों की मदद की जा रही है।
नवभारत टाइम्स