पहली बार जट्ट सिख को पार्टी की कमान, सीएम मान ने कसा तंज
29 मई, 2026 – चण्डीगढ़-पंजाब : भाजपा ने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। नए प्रधान ने कहा कि अब उनका फोकस 2027 चुनाव पर रहेगा।
भाजपा ने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे सुनील जाखड़ की जगह लेंगे।
ढिल्लों भाजपा के पहले जट्ट सिख प्रधान हैं। एक बार फिर भाजपा ने कांग्रेस से आए चेहरे पर दांव लगाया है। ढिल्लों से पहले प्रधान रहे सुनील जाखड़ भी कांग्रेस से आए थे। ढिल्लों भाजपा नेताओं के साथ आज गवर्नर हाउस पहुंचे थे, इसी दौरान उन्हें प्रधान बनाए जाने की जानकारी मिली।
2027 चुनाव पर है फोकस
नियुक्ति के बाद अपने पहले बयान में नए प्रधान ने कहा कि अब उनका फोकस 2027 चुनाव पर रहेगा। ढिल्लों ने कहा कि 2027 में कमल खिलाने के लिए पंजाब में सभी को साथ लेकर चला जाएगा। जो लोग कहते हैं कि अगली बार भाजपा एक या दो सीटों पर सिमट जाएगी, वे 2027 में पंजाब भाजपा का प्रदर्शन देखकर चौक जाएंगे।
बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी
उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साढ़े चार साल बीतने के बावजूद जनता से किए बड़े वादे अभी तक अधूरे हैं। बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है, पंजाब में सभी जातियां और समुदाय के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और 2027 में सरकार बनाएंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कसा तंज
केवल ढिल्लों की नियुक्ति पर सीएम भगवंत मान ने तंज कसा है। सीएम ने ट्वीट किया-2017, 2019 और 2024 में बरनाला की जनता से हारने वाले कांग्रेस के भाजपा नेता केवल ढिल्लों को भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई। सुनील जाखड़ के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। भगवान रवनीत बिट्टू, मनप्रीत बादल, फतेहजंग बाजवा, तरुण चुघ और अश्वनी शर्मा आदि को यह अपमान सहने की शक्ति दे।
अरविंद केजरीवाल ने की भी प्रतिक्रिया आई
पूर्व दिल्ली सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, केवल ढिल्लों जी को प्रदेश अध्यक्ष घोषित करके बीजेपी ने पंजाब चुनाव छोड़ देने का ऐलान कर दिया है। बीजेपी का पंजाब में चुनाव प्रचार अब केवल ई़डी और सीबीआई की रेड तक सीमित होगा। और पिछली कुछ रेड में बीजेपी देख चुकी है कि पंजाबी इन टुच्ची मुच्ची रैडों से नहीं डरते।
बरनाला से दो बार रह चुके हैं विधायक
ढिल्लों पंजाब के एक प्रभावशाली राजनीतिज्ञ और व्यवसायी माने जाते हैं। वे ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख हैं। बरनाला के रहने वाले ढिल्लों ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ की थी। उन्होंने 2007 और 2012 में बरनाला विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की और विधायक बने।
कैप्टन अमरिंदर के हैं नजदीकी
केवल सिंह ढिल्लों को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। जून 2022 में, वे औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।
संगरूर लोकसभा उपचुनाव लड़े थे
उन्होंने 2022 के संगरूर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था मगर आप प्रत्याशी से हार गए थे। वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
सुनील जाखड़ ने दी बधाई
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब भाजपा के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और बड़ी जिम्मेदारी का विषय रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुझ पर जताया गया विश्वास तथा गृह मंत्री अमित शाह से निरंतर प्राप्त मार्गदर्शन इस पूरे सफर में मेरे लिए शक्ति का स्थायी स्रोत रहा है।
बीएल संतोष से प्राप्त संगठनात्मक सीख और दिशा-निर्देश, साथ ही जगत प्रकाश नड्डा और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का प्रोत्साहन और सहयोग मेरे लिए सदैव अत्यंत मूल्यवान रहेगा।
पंजाब भाजपा की ताकत हमेशा राज्यभर के कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों में रही है, जिनकी निष्ठा और सहयोग ने इस कार्यकाल को सार्थक और यादगार बनाया।
अब जब यह जिम्मेदारी केवल ढिल्लों को सौंपी जा रही है, तो मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और पूरा सहयोग रहेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पंजाब की सेवा को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगा। मेरे लिए पंजाब, पंजाब के लोगों और संगठन के साथ रिश्ता हमेशा किसी भी पद या जिम्मेदारी से कहीं ऊपर रहा है, और यह जुड़ाव आगे भी उसी स्नेह, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ जारी रहेगा।
अमर उजाला
केवल ढिल्लों का विजन: रामराज और सरकार-ए-खालसा के सिद्धांत पर आगे बढ़ेगा पंजाब,
चुनौतियाँ पर खुलकर की बात
29 मई, 2026 – चण्डीगढ़-पंजाब : भाजपा ने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। ढिल्लों भाजपा के पहले जट्ट सिख प्रधान हैं।
भाजपा हाईकमान ने पंजाब में विधानसभा चुनाव से करीब आठ माह पहले अध्यक्ष बदल दिया है। नए अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने वाले केवल सिंह ढिल्लों पर भाजपा ने बड़ा दांव खेला है। वे न केवल सूबे में भाजपा के लिए बड़ा जट्ट सिख चेहरा बन सकते हैं बल्कि पार्टी को सूबे के सबसे बड़े क्षेत्र मालवा में भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ढिल्लों किसानों, कर्मचारियों समेत प्रदेश के हर वर्ग को भाजपा से जोड़ने की बात कहते हुए महाराजा रणजीत सिंह जी के सरकार-ए-खालसा व राम राज के संकल्प संग पंजाब को आगे लेकर जाना चाहते हैं।
पंजाब भाजपा का नया सरदार बनने के बाद ढिल्लों ने अमर उजाला से अपनी प्राथमिकताओं, चुनौतियों और भविष्य के रोडमैप पर खुलकर बात की।
प्रश्न : पंजाब में बड़ी चुनौती और लक्ष्य क्या मानते हैं ?
उत्तर : चुनौती की बात करें तो पंजाब की माली हालत और कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है। सूबा वित्तीय आपतकाल की ओर बढ़ रहा है जबकि करप्शन की तो हद हो चुकी है। लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार भाजपा को ही मौका देना है। सरकार आती है तो बहुत कुछ ठीक करना पड़ेगा। लक्ष्य तक हमें पंजाबी पहुंचाएंगे और इस बार भाजपा को अपनी सेवा का मौका जरूर देंगे।
प्रश्न : क्या आपकी नियुक्ति जट्ट सिखों को साधने के लिए है ?
उत्तर : पंजाब गुरुओं, संतों और पीरों की धरती है। यहां भाईचारक और सभ्याचारक साझ बहुत मजबूत है। भाजपा सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलती है। जट्ट सिख, हिंदू, दलित, किसान, करोबारी, महिलाएं, युवा और अन्य सभी वर्गों के लोग मिलकर भाजपा की सरकार बनाएंगे। हम किसी को नहीं बल्कि पंजाबी इस बार भाजपा को साधेंगे।
प्रश्न : पार्टी में सबको साथ लेकर कैसे चलेंगे ?
उत्तर : भाजपा बहुत ही अनुशासित संगठन वाली पार्टी है। पंजाब भाजपा के सभी नेताओं से मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं। हर निर्णय उनकी साथ सलाह-मशविरा के बाद ही लिया जाएगा। पंजाब में संगठन बहुत मजबूत है और सभी एक लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं और करते रहेंगे।
प्रश्न : पंजाब में क्या बदलाव चाहते हैं ?
उत्तर : इस वक्त सूबा गैंगस्टरवाद और नशा-हथियार तस्करी जैसी गंभीर समस्या से बुरी तरह ग्रस्त है। यह हमारा ट्रैक रिकॉर्ड है, जहां हमारी सरकार बनती है, वहां हम कानून-व्यवस्था पर बहुत काम करते हैं। यूपी से डाकू, बदमाश और गैंगस्टर खत्म हो गए, आतंकवाद और नक्सवाद पर काफी नियंत्रण है। पंजाब में भी गैंगस्टरवाद और नशा-हथियार तस्करी को भाजपा ही खत्म कर सकती है। महाराजा रणजीत सिंह जी के सरकार-ए-खालसा व राम राज के संकल्प से पंजाब को खुशहाल बनाएंगे।
प्रश्न : किसान और कर्मचारी बहुत नाराज हैं, कैसे साधेंगे ?
उत्तर : हरियाणा राज्य पंजाब का छोटा भाई है। वहां 21 फसलों पर एमएसपी मिलता है और पंजाब में केवल दो फसलों गेहूं व धान पर और ये एमएसपी भी सीसीएल के जरिये केंद्र सरकार देती है। सरकार आई तो पंजाब में भी 21 फसलों पर एमएसपी देंगे। पंजाब के कर्मचारियों का करोड़ों रुपये डीए बकाया पड़ा है। उसकी अदायगी हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी।
प्रश्न : विरोधी बहुत आक्रामक हैं, कैसे निपटेंगे ?
उत्तर : विरोधियों से हम नहीं पंजाब की जनता निपटेगी। पंजाबियों ने आप, कांग्रेस और शिअद सभी दलों की सरकारें देख ली हैं तभी आज आवाज उठ रही है कि इस बार भाजपा को माैका देना है। सीएम कहते हैं कि भाजपा एक-दो सीटों पर सिमट जाएगी। खैर, आगामी चुनाव में भाजपा को पंजाबियों से मिलने वाला प्यार देखकर विरोधी भी चाैंक जाएंगे। कांग्रेस पहले गुटबाजी से बाहर निकल जाए तो ही कुछ करेगी।
प्रश्न : मुद्दों पर राजनीति होगी या ईडी और एसआईआर पर ?
उत्तर : भाजपा ने हमेशा मुद्दों पर ही राजनीति की है। जो लोग ईडी और एसआईआर को मुद्दा बना रहे हैं वे यह बात समझ लें कि जो भी गलत काम करेगा, उसे बख्शा जाएगा। ईडी स्वतंत्र एजेंसी है और जहां गड़बड़ी होती है, वहां पहुंचती है। एसआईआर पर भ्रामक प्रचार अब तो बंद हो जाना चाहिए क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया को सही ठहराया है।
अमर उजाला