इसमें हर नागरिक की भागीदारी अहम
PM Modi on Census: पीएम मोदी ने जनगणना को लेकर दो टूक कहा कि ये हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रत्येक भारतीय को इसके बारे में जागरूक होना चाहिए। सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है।
28 अप्रैल, 2026 – नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वर्तमान में जारी जनगणना केवल सरकार का काम नहीं है बल्कि यह सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। इसमें सभी की भागीदारी अहम है। मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान लोगों की ओर से दी गई सभी जानकारी सुरक्षित और गोपनीय रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और जनगणना 2027 को सफल बनाने की अपील की।
‘मन की बात’ में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में कहा कि ‘साथियों, देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सब की जिम्मेदारी है। आपकी भागीदारी बहुत जरूरी है। आपकी दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है, यह गोपनीय रखी जाती है, डिजिटल सुरक्षा के साथ इसे सुरक्षित किया जाता है। जनगणना देश में जारी एक अत्यंत अहम अभियान है और प्रत्येक भारतीय को इसके बारे में जागरूक होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना का यह अभियान दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है।।’
जनगणना में क्या है खास प्रधानमंत्री ने बताया
- प्रधानमंत्री ने कहा, जनगणना 2027 को डिजिटल बनाया गया है।
- सारी जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो रही है।
- घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप है।
- वे हर किसी से बात करके वहीं पर उसी मोबाइल ऐप में जानकारी दर्ज करेंगे।
- पीएम मोदी ने कहा कि साथियो, इस बार जनगणना में आपकी भागीदारी भी आसान बनाई गई है।
- आप खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
- कर्मचारी के आने से 15 दिन पहले आपके लिए सुविधा शुरू होगी। आप अपने समय के अनुसार जानकारी भर सकते हैं।
प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी खास आईडी: PM
पीएम मोदी ने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने पर आपको एक विशेष आईडी मिलती है और ये आईडी आपके मोबाइल या ईमेल पर आती है। बाद में जब कर्मचारी आपके घर आता है, तो आप यही आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ती, समय भी बचता है और प्रक्रिया आसान हो जाती है।
पीएम मोदी की अपील- जनगणना 2027 को सफल बनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि जिन राज्यों में स्व-गणना का काम पूरा हो गया है, वहां गणना कर्मचारी की ओर से घरों के सूचीकरण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग एक करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण का कार्य पूरा भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जो पहले से इस तरह की प्रक्रिया से गुजरे हैं, इस बार जनगणना का उनका अनुभव अलग होने वाला है। आइए, हम सब मिलकर इस प्रक्रिया में भाग लें। जनगणना 2027 को सफल बनाएं।
नवभारत टाइम्स